जयपुर: BJP मुख्यालय में शनिवार को पंचायत चुनाव को लेकर जयपुर जिले की बैठक में सांसद रामचरण बोहरा और बगरू से पूर्व विधायक कैलाश वर्मा आपस में भिड़ गए। पंचायत चुनाव में टिकटों को लेकर कांग्रेस के बाद अब BJP में भी घमासान शुरू हो गया है। यह घमासान जयपुर जिले की सांगानेर और बगरू क्षेत्र में टिकटों को लेकर शुरू हुआ। टकराव यहां तक बढ़ गया कि सांसद रामचरण बोहरा बैठक छोड़कर चले गए। बाद में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ उनको मनाकर ले आए।
दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का चला दौर
यह घमासान तब शुरू हुआ, जब सांगानेर में पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्य के टिकट पर चर्चा हो रही थी। बगरू से पूर्व विधायक कैलाश वर्मा ने कहा कि सांसद बोहरा खुद की चलाते हैं। किसी की नहीं सुनते। इस पर बोहरा ने वर्मा के आरोपों को गलत ठहराया। आपत्ति जताई। दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। सांसद रामचरण बोहरा से जब पूछा तो उन्होंने नाराजगी से ही इनकार कर दिया। रामचरण बोहरा ने कहा, सब एकजुट हैं, मेरी कोई नाराजगी नहीं है। BJP प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा, टिकट बंटवारे को लेकर हमारे यहां किसी तरह का विरोध नहीं है। BJP के विधायक, सांसद, नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।
