जयपुर। मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर कांग्रेस में चल रही सियासी खींचतान के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने 9 जिलों में होने वाले नगर निकायों के उपचुनाव की घोषणा कर दी है। प्रदेश में कोरोना का असर भी कुछ कम हो गया है। इसी को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने विभिन्न कारणों से रिक्त हुए नगर निकायों के उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। राज्य के 9 जिलों की 16 नगरीय निकायों के कुल 18 वार्डो में चुनाव कराए जाएंगे। इनमें 2 नगर पालिकाओं में वार्ड पार्षद के बाद पालिका अध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव होंगे। इनमें हनुमानगढ़ जिले की भादरा और चूरू जिले की रतननगर पालिका शामिल हैं।
कार्यक्रम जारी होने के साथ संबंधित जिलों के क्षेत्र में आचार सहिंता लागू हो गई है। कोरोना संक्रमण के आंकड़ों में कमी आने के साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य की नगर निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। पहले दौर में राज्य निर्वाचन आयोग नगर निकाय उपचुनाव का कार्यक्रम जारी किया है।
चुनाव शेड्यूल
आयोग द्वारा दो अध्यक्ष पदों और सदस्यों के 18 रिक्त पदों पर चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी चुनाव शेड्यूल के अनुसार, चूरू और हनुमानगढ़ में दो अध्यक्षीय पदों के लिए चुनाव होंगे, जबकि अजमेर, भरतपुर, झालावाड़, झुंझुनू, नागौर, प्रतापगढ़ और पाली में सदस्य पदों के चुनाव होंगे। उप चुनाव ईवीएम के माध्यम से कराए जाएंगे।
12 जुलाई को जारी होगी अधिसूचना
निकायों के उपचुनाव में सदस्य पद के लिए नामांकन 12 जुलाई भरे जाएंगे,जिसकी आखिरी तारीख 16 जुलाई है। जरूरत होने पर इन निकायों में 26 जुलाई को वोटिंग कराई जाएगी। वोटिंग का रिजल्ट 28 जुलाई को आएगा। भादरा और रतननगर में 29 जुलाई को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नामांकन करेंगे और 30 जुलाई नामांकन की अंतिम तिथि होगी। 5 अगस्त को जरूरत होने पर अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग कराई जाएगी और उसी दिन देर शाम तक रिजल्ट की घोषणा कर दी जाएगी।
कोरोना से बचाव के किए जाएंगे उपाय
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार साफ किया गया है कि कोरोना लेकर जो आयोग ने गाइडलाइन जारी की है उसकी पालना हो। चुनाव के दौरान किसी भी तरह के सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क, सैनिटाइजर की गाइड लाइन की पूरी तरीके से पालना हो , इसको लेकर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए हैं।
