स्काउट चुनावों में उम्मीदवार के हटने के बाद शिक्षा मंत्री डोटासरा स्काउट गाइड के निर्विरोध अध्यक्ष व सीएस आर्य निर्विरोध स्टेट चीफ कमिश्नर बनेंगे

स्काउट चुनावों

जयपुर : स्काउट गाइड चुनावों में नाम वापसी के आखिरी दिन बदलते समीकरणों से मुख्य सचिव निरंजन आर्य के स्काउट गाइड का निर्विरोध स्टेट चीफ कमिश्नर और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के निर्विरोध अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया। स्टेट चीफ कमिश्नर के पद पर मुख्य सचिव निरंजन आर्य के सामने रिटायर्ड आईएएस जेसी महांति और एक अन्य उम्मीदवार अशोक पाटनी ने नामांकन भरा था। आज 4 बजे से पहले जेसी महांति और अशोक पाटनी ने नाम वापस ले लिया। नाम वापसी के बाद अब स्टेट चीफ कमिश्नर के पद पर निरंजन आर्य का निर्विरोध निर्विरोध चुना जाना तय है।

वही, स्काउट गाइड के राजस्थान के अध्यक्ष के पद पर होने वाले चुनाव में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के सामने भी कोई उम्मीदवार नहीं रह गया है। अध्यक्ष पद पर भूपेंद्र सिंह ने नाम वापस ले लिया है जिसके बाद डोटासरा के निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय हो गया है। पहले पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी स्काउट गाइड के अध्यक्ष थे। डोटासरा के पास अब तीसरा पद भी आ गया है। शिक्षा मंत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के साथ डोटासरा अब स्काउट गाइड के प्रदेशाध्यक्ष भी होंगे।

कार्मिक विभाग की ली थी मंजूरी

मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने स्काउड गाइड के स्टेट चीफ कमिश्नर का चुनाव लड़ने से पहले 12 अक्टूबर को कार्मिक विभाग से अनुमति मांगी थी। कार्मिक विभाग ने 13 अक्टूबर को इसकी अनुमति दे दी। सेवा नियमों के अनुसार ऐसा करना जरूरी था। निरंजन आर्य पहले भी इस पद पर रह चुके हैं।

एक्सटेंशन नहीं तो जनवरी में रिटायर होंगे आर्य

मुख्य सचिव निरंजन आर्य को सरकार से एक्सटेंशन नहीं मिलता है तो तीन महीने बाद जनवरी में रिटायर हो जाएंगे। रिटायरमेंट से तीन महीने पहले आर्य स्काउट गाइड के चीफ क​मिश्नर बन गए हैं। स्काउट गाइड के स्टेट चीफ कमिश्नर के पद पर उनका कार्यकाल 5 साल रहेगा। निरंजन आर्य इससे पहले भी चीफ कमिश्नर रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *