तिरुअनंतपुरम : केरल राज्य में भारी बारिश की वजह से बाढ़ आई हुई है। अलपुझा में बाढ़ के पानी के बीच एक जोड़ा बड़े पतीले में बैठकर शादी के मंडप तक पहुंचा। आकाश और ऐश्वर्या नाम के ये दूल्हा-दुल्हन हेल्थ वर्कर्स हैं और सोमवार को उनकी शादी थी। उन्हें अलपुझा के पास थकाझी के एक मंदिर तक जाना था। सड़क पर पानी भरा हुआ था। ऐसे में दोनों को खाना बनाने वाले तांबे के बड़े पतीले में बैठाकर मंदिर पहुंचाया गया। बाढ़ के पानी में पतीले में बैठकर दोनों ने करीब 500 मीटर दूरी तय की।
शुभ दिन होने के कारण नहीं बदली तारीख
शादी के बाद दोनों ने बताया कि कोविड के कारण उन्होंने बहुत कम लोगों को शादी में आने का न्योता दिया था। शादी के लिए सोमवार का दिन शुभ था, इसलिए उन्होंने बारिश और बाढ़ के बाद भी ये तारीख नहीं बदली। दोनों ने बताया कि उन्हें पतीले में बैठकर मंदिर तक आने में डर नहीं लगा। उन्हें खुशी है कि शादी तय मुहूर्त में हो पाई।

