जयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) जयपुर की टीम ने सोमवार को कनकपुरा चौकी पर आरपीएफ सब इंसपेक्टर को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। टीम ने आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों पर छापा मारा है।
ACB के महानिदेशक बीएल सोनी के अनुसार एसीबी की जयपुर इकाई को परिवादी ने शिकायत दी थी। परिवादी ने शिकायत में कहा था कि चोरी के प्रकरण में उसे गिरफ्तार नहीं करने की एवज में कनकपुरा चौकी प्रभारी रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के सब इंसपेक्टर सुनील कुमार ने 20 हजार की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB एसआईडब्ल्यू जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव नैन की ओर से शिकायत का सत्यापन किया गया। सत्यापन करने के बाद पुलिस निरीक्षक चित्रगुप्त महावर और उनकी टीम ने ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने सोमवार को आरपीएफ सब इंसपेक्टर सुनील कुमार को परिवादी से 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी ली।
