जैतारण : ACB की जोधपुर ग्रामीण टीम ने जैतारण में कार्रवाई करते हुए डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने ACB टीम को आता देख घर का गेट बंद कर दिया था। ऐसे में एसीबी टीम ने काफी देर तक समझाइश की। आरोपी XEN ने परिवादी के नए बने मकान तक लाइट का पोल लगाकर कनेक्शन जारी करने के बदले में मांगी थी।
ACB जोधपुर ग्रामीण के निरीक्षक पुलिस अमराराम खोखर ने बताया कि जैतारण के पातुस रोड निवासी परिवादी हेमन्त कुमार ने एसीबी में शिकायत की थी। जिसमें बताया कि उनके मकान में लाइट कनेक्शन के लिए 5 नवंबर 2020 तथा बाद में 24 जून 2021 को नई रसीद कटाई। जिससे लाइट का पोल लगाकर उनके घर तक कनेक्शन दिया जा सके। शिकायत में बताया कि डिमांड नोटिस जारी करने के लिए डिस्कॉम जैतारण के XEN महेन्द्र कुमार मीणा ने 15 हजार रुपए की डिमांड की। जबकि उनका काम जायज था। परिवादी की शिकायत पर 8 सितंबर 2021 को सत्यापन किया गया तो आरोपी ने परिवादी से 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।
खोखर ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद शुक्रवार को डिस्कॉम जैतारण के XEN महेन्द्र कुमार मीणा के जैतारण स्थित निवास पर ट्रैप की कार्रवाई की तथा परिवादी से ली गई 25 हजार की रिश्वत राशि उनके घर में फ्रीज पर रखी मिली। जिसे बरामद कर कोटा के आकाश नगर बोरखेड़ा हाल जैतारण डिस्कॉम के अधिशाषी अभियंता महेन्द्र कुमार मीणा को गिरफ्तार किया।
