मैनचेस्टर : इंग्लैंड और भारत के बीच 5 टेस्ट मैच की सीरीज का आखिरी टेस्ट कोरोना के चलते रद्द कर दिया गया है। इंडिया के फिजियो योगेश परमार के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों ने चिंता जाहिर की थी। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने कहा कि खिलाड़ियों के टेस्ट खेलने से इनकार को वॉकओवर माना जाए और इंग्लैंड को मैच का विजेता घोषित किया जाए, पर BCCI ने इससे इनकार कर दिया है।
BCCI का मैसेज- खेलना पड़ा तो खेलेंगे
ECB से बातचीत के दौरान ही भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने सीनियर खिलाड़ियों कोहली और रोहित को ये स्पष्ट कर दिया है कि टीम इंडिया हार नहीं मानेगी। अगर कोविड के साए में भी खेलना पड़ा तो टीम खेलेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, कोहली और रोहित भी हार मानने के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना है कि या तो इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से अपनी हार माने या तो भारतीय टीम ये मैच खेलेगी। दोनों ने साथी खिलाड़ियों को भी यही मैसेज दिया है।
भारत सीरीज में 2-1 से आगे
ओवल टेस्ट 157 रन से जीतकर भारतीय टीम ने इंग्लैंड को न सिर्फ मुंहतोड़ जवाब दिया, बल्कि सीरीज में 2-1 की अहम बढ़त भी बनाई। मैनचेस्टर टेस्ट अगर किन्ही परिस्थितियों में खेला जाता है, या मौजूदा स्थिति से इंडिया को सीरीज में विजेता घोषित किया जाता है तो 2007 के बाद भारत इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतेगा। इससे पहले भारत ने इंग्लैंड को उसी के घर में 1971 में तीन मैचों की सीरीज 1-0, 1986 में तीन मैचों की सीरीज 2-0 और 2007 में भी तीन मैचों की सीरीज 1-0 से हराया था।
