जयपुर। चाकसू विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने एक नायाब पहल करते हुए कांग्रेस कार्यालय में 40 से 50 वर्षों तक सेवा देने वाले बोदूराम व श्यामलाल को अपने निवास पर बुलाकर कांग्रेस योद्धा के रूप में सम्मानित किया।
सोलंकी ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें बेहद दुःख है कि इनके ही एक साथी कांग्रेस कार्यालय के कर्मठ सिपाही जगदीश डाबी का सम्मान नहीं कर पाये,क्योंकि तीन दिन पहले ही जगदीश का निधन हो गया। इन तीनों को पिछले कुछ समय पूर्व कांग्रेस मुख्यालय से हटा दिया गया था तो मेरे जैसे कांग्रेसी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी इनको मदद करने की बढ़ जाती हैं।

सेवा समर्पण की मिसाल रहे इन तीनों ही वर्करों की कांग्रेसजनों को सुध ले मदद का हाथ बढ़ाना चाहिए ताकि इनके परिवार का सही ढंग से भरण पोषण हो सके। उन्होंने कहा कि वे स्व.जगदीश के परिजनों से भी मिलेंगे तथा जो भी यथायोग्य सहयोग बन पड़ेगा करेंगे। वेद ने कहा कि हम सबकी सेवा में हरदम तत्पर रहने वाले इन कार्यालय वर्करों पर नौकरी जाने के साथ कोरोना के कारण लॉक डाउन की दौहरी मार पड़ी है ऐसे में हमारा धर्म इनकी मदद का और भी ज्यादा बन जाता हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस योद्धा के रूप में जिनका सम्मान किया गया उनमें से श्यामलाल 1967 व बोदूराम 1969 से कांग्रेसजनों की सेवा में समर्पित थे।
