जयपुर : राजस्थान में मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट ने नर्सिंग, पैरामेडिकल और सीएचओ के 8890 पदों पर भर्ती का निर्णय किया है। ये भर्ती संविदा (कॉन्ट्रेक्ट) पर होगी। भर्ती के लिए योग्यता समेत अन्य प्रक्रिया के लिए अलग से नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। हेल्थ मिनीस्टर परसादी लाल मीणा ने बताया कि प्रदेश भर में एडमिनिस्ट्रेशन लेवल पर 666, नर्सिग, पैरामेडिकल के 4693 पद और कम्यूनिटी हैल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के 3531 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि मौसमी बीमारियों सहित कोरोना में स्वास्थ्य कर्मचारियों की बड़ी संख्या में जरूरत महसूस हुई। ऐसे में आगे हेल्थ डिपार्टमेंट में मैनपावर की कमी नहीं रहे इसको देखते हुए यह भर्ती की जाएगी।
एडमिनिस्ट्रेशन लेवल पर होने वाली 666 भर्ती में राज्य, जिला और ब्लॉक लेवल पर भर्ती की जाएगी। वहीं, नर्सिग एवं पैरामेडिकल संवर्ग के 4682 और 11 ट्रेनी एनलिस्ट की भी भर्ती की जाएगी। सीएचओ के 3531 की भी भर्ती शामिल है। उन्होंने बताया कि सभी भर्तियां कार्मिक विभाग की ओर से जारी संविदा नियमों के तहत जाएगी। इन पदों पर भर्ती के लिए फाइनेंस डिपार्टमेंट से भी मंजूरी मिल चुकी है।
