जयपुर। चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशों की अनुपालना में कोरोना मृत्यु के आंकड़ों का सभी जिलों में निर्धारित सैंपल साइज के अनुसार निर्धारित समयावधि में प्रमाणन करवाया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ चिकित्सकों की अध्यक्षता में 3 दल गठित किए गए हैं।
डॉ. शर्मा ने बताया कि मौतों की समीक्षा एवं आंकडों के प्रमाणन के बारे में गठित दल विभिन्न जिलों में जाकर डेथ आडिट करेंगे। इसके लिए संबंधित जिले में हुई कुल मृत्यु एवं कोविड से हुई मृत्यु के तुलनात्मक आंकड़ों का आकलन किया जाएगा। गठित दल संबंधित जिलों में कोरोना उपचार एवं मृत्यु की संभावना कम करने के बारे में अपने सुझाव भी प्रस्तुत करेंगे। इन दलों को संबंधित जिलों का निरीक्षण कर आगामी 15 दिनों में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अखिल अरोड़ा ने आज इन दलों के गठन के आदेश भी जारी कर दिए हैं। प्रथम दल में डॉ. रवि शर्मा, अतिरिक्त निदेशक (ग्रामीण स्वास्थ्य), डॉ. बी. एल. मीणा, संयुक्त निदेशक, (ग्रामीण स्वास्थ्य), द्वितीय दल में डॉ. प्रवीण असवाल, डॉ. नरेन्द्र आर्य और तृतीय दल में डॉ. सुशील परमार और डॉ. मनोज ठाकुरिया को नियोजित किया है।
