जयपुर : प्रदेश में गहलोत कैबिनेट में नए मंत्रियो के शपथ लेते ही विरोध के स्वर मुखर हो गए हैं। अलवर ग्रामीण सीट से कैबिनेट मंत्री बनाए गए टीकाराम जूली के विरोध में कांग्रेस के ही अलवर के रामगढ़-लक्ष्मणगढ़ से वरिष्ठ विधायक जौहरीलाल मीणा खुलकर उतर आए हैं। विधायक जौहरीलाल मीणा ने टीकाराम जूली पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाए जाने को अलवर के लिए काला दिवस बताया।
जौहरीलाल ने कहा कि हमें पार्टी और लीडर से कोई नाराजगी नहीं है। मंत्री से नाराजगी है। हमारे जिले अलवर में सब जानते हैं कि टीकाराम जूली एक भ्रष्ट व्यक्ति है और उसका परिवार वसूली में शामिल है। जनता परेशान है, उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। मैंने पार्टी नेतृत्व से उन्हें हटाने के लिए कहा, लेकिन उन्हें प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बना दिया गया। मैं उनके खिलाफ हूं। कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
सालभर पहले हुई कैम्पिंग में भी था सरकार के साथ
विधायक मीणा ने कहा कि मैं कांग्रेस भक्त और जन्मजात कांग्रेसी हूं। जबकि टीकाराम जूली तो बीजेपी के मंच से कांग्रेस में आए हैं। सभी विधायकों और जनता ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के नारे लगाए हैं। नेता को जो करना है वो करता ही है, लेकिन हमारा काम गलत आदमी के खिलाफ बोलना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ सालभर पहले जो कैम्पिंग हुई। उसमें भी मैं कांग्रेस के साथ रहा। मैं सबसे पहला आदमी हूं जो अशोक गहलोत के साथ बैठा हुआ था। 1986 से अशोक गहलोत के साथ लगा हूं। इस तरह के प्रयोगों की कांग्रेस में जगह नहीं होनी चाहिए। हर विधायक चाहता है कि मैं मंत्री बनूं। उन्होंने कहा मंत्री पद के लिए मेरा नाम नहीं लिया यह तो विधायक दल के नेता के देखने की बात है।
