जयपुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समर्थकों ने आज सोशल मीडिया के जरिए पायलट के प्रति जबरदस्त समर्थन व्यक्त किया। सचिन समर्थक ट्वीटर पर “पायलट का हाथ आमजन के साथ” हैशटेग के साथ ट्वीट करते रहे। दिन में यह टॉप ट्रेंड में शामिल रहा। इस हैशटैग के साथ पायलट समर्थक आज दिनभर में अब जक 51.8 हजार से ज्यादा ट्वीट कर चुके हैं। इस ऑनलाइन मुहिम में कई पायलट समर्थक विधायक भी जुटे। पायलट के समर्थन में यह ट्वीट ना केवल राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा बल्कि इलेक्ट्रोनिक्स व प्रिंट मीडिया में भी पायलट शुभचिंतकों के इस ट्रेंड की दिनभर चर्चा रही। पायलट पिछले एक सप्ताह से वैसे भी समर्थकों को लेकर सुर्खियों में हैं।

पायलट के राजनीतिक संघर्ष का भी जिक्र
जानकारी के अनुसार पायलट समर्थकों ने गुपचुप में ये तैयारी की थी और आज सुबह अपने मिशन को लेकर ट्वीट करने में जुट गए। देखते ही देखते युवा समर्थक जुट गए। इस ट्वीट में सचिन पायलट की टीम के कोविड काल में किए गए काम, पायलट के राजनीतिक संघर्ष का भी ब्यौरा दिया गया हैं। किसी पद पर नहीं रहते हुए भी किसी राजनेता के प्रति इस तरह का जुड़ाव कम ही देखने को मिलता हैं।
People’s Pilot @SachinPilot @PilotWithPeople
#पायलट_का_हाथ_आमजन_के_साथ pic.twitter.com/zUwCDd68nm
— Abhimanyu Poonia (@AbhimanyuP00NIA) May 29, 2021
कांग्रेस का नारा बनाया पंचलाइन
कांग्रेस आलाकमान और विरोधियों को शिकायत का मौका ना मिले इसके लिए सोच समझकर पायलट समर्थकों ने जिस हैशटैग का इस्तेमाल किया है, वह कांग्रेस का चुनावी नारा रहा है। सचिन के कई समर्थकों ने इस नारे को आगे बढ़ाते हुए पायलट का हाथ आमजन के साथ नारे को खूब रिट्वीट किया।
