जयपुर। देश में बढ़ रही महंगाई को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार की नीति और नीयत को जिम्मेदार ठहराया है। सीएम गहलोत ने कहा देश में बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए मोदी सरकार पिछले सात साल में कोई भी ठोस कदम नहीं उठा सकी है। जिस वजह से आज महंगाई आसमान चढ़ गयी है। आम आदमी का महंगाई से पहले ही घर चलाना मुश्किल हो गया था। रही सही कसर कोरोना महामारी ने पूरी कर दी। कोरोना काल के चलते सभी की आमदनी कम हुई है। बढ़ती महंगाई ने आम आदमी के जेब खर्च का हिसाब – किताब बिगाड़ दिया है। यह दिखाता है कि केंद्र सरकार बुरी तरह से असफल हो गई है। जिसके पास ना तो कोई सही नीति है और ना ही साफ नीयत है। पेट्रोल , डीजल , रसोई गैस से लेकर रोजमर्रा काम आने वाली सभी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे है। सभी वस्तुएं मंहगी हो गई है।
लगातार बढ़ती महंगाई मोदी सरकार की गलत नीति और नीयत का नतीजा है। केन्द्र सरकार ने पिछले सात साल में महंगाई को कम करने के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया जिसके कारण आज इतनी महंगाई हो गई है कि आम आदमी को अपना घर चलाना मुश्किल हो गया है। pic.twitter.com/5Ok4C2BaTi
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) July 4, 2021
मुख्यमंत्री गहलोत ने केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए मंहगाई के आंकड़ों पर बात करते हुए कहा कि अप्रेल में खुदरा मंहगाई 4.23 प्रतिशत तो जो मई में बढ़कर 6.23 प्रतिशत पहुंच गई है। वहीं थोक मंहगाई दर मई में बढ़कर 5.01 प्रतिशत पर पहुंच गई है। जो यह दिखाता है कि बाजार में अब आम आदमी के इस्तेमाल की वस्तुओँ की कीमतें किस तेजी से बढ़ी है। खाद्य तेलों में 20 से 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। चाय 4 से 8 प्रतिशत , सरसों का तेल 180 से 190 रुपये लीटर पहुंच गया है। जो आम आदमी की जेब से बहुत भारी हो गया है। 1 जुलाई को रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 25 रुपये की बढोतरी पर मुख्यमंत्री बोले की मोदी सरकार में पिछले 14 महीने में रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें 225 रुपये बढ़ा दिए। घरेलु गैस सब्सिढ़ी भी अब बंद हो गई है। यूपीए के समय 450 रुपये का गैस सिंलेंडर मोदी सरकार में 838 रुपये में मिल रहा है।
