जयपुर: पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समर्थक रोहिताश्व शर्मा ने पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करने के मामले में BJP के नोटिस का जवाब भेज दिया है। रोहिताश शर्मा ने नोटिस के जवाब में पार्टी में अपनी बात कहने का तर्क देकर अनुशासनहीनता से मना कर दिया है। रोहिताश शर्मा को 24 जून को बीजेपी प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने नोटिस जारी कर 15 दिन मेें जवाब देने को कहा था, जिसकी समय सीमा आज खत्म हो रही थी। रोहिताश शर्मा ने एक दिन पहले ही ई मेल से नोटिस का जवाब भिजवा दिया।
रोहिताश शर्मा को 1 जून को बीजेपी अलवर उत्तर जिला की बैठक के बाद दिए गए बयानों को आधार बनाकर नोटिस दिया था। नोटिस में लिखा गया था कि राजस्थान भाजपा के नेता दफ्तरों से पार्टी चला रहे हैं। इस वक्त राजस्थान में विपक्ष का केंद्र में कांग्रेस जैसा हाल हो गया है। नोटिस में केंद्र के खिलाफ बयानबाजी पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया था। रोहिताश शर्मा का दो दिन पहले ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने कहा था कि तीन महीने बाद वसुंधरा टेक ओवर करेंगी, कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने बाद में ये भी कहा था कि ये ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है,ये वीडियो उनका नहीं है।
अनुशासन समिति करेगी फैसला
रोहिताश शर्मा को नोटिस प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने दिया था। यह मामला अब BJP अनुशासन समिति के सामने रखा जाएगा। अनुशासन समिति नोटिस के जवाब के बाद अब इस मामले में अुनशासनात्मक कार्यवाही करने या नहीं करने पर फैसला करेगी।
