जयपुर : पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने एक बार फिर पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को सरकार में भागीदारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हर व्यक्ति को हम मंत्री या बड़ा पद नहीं दे सकते, लेकिन उसकी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं। कार्यकर्ताओं में जोश बना रहे। 19-20 महीने बाद चुनाव होने हैं और यह चुनाव जीतना बहुत जरूरी है। 30 साल से यहां सरकार रिपीट नहीं हो पाती, भाजपा-कांग्रेस का क्रम बना हुआ है। हमें उस परिपाटी उस क्रम को तोड़ना है।
राजनीतिक नियुक्तियों में हो रही देरी के सवाल पर पायलट ने कहा कि मैं बहुत बार बोल चुका हूं, इसे बार-बार रिपीट करवाना क्यों चाहते हो। दोबारा इतना कहना चाहता हूं कि मेरी और सबकी व्यक्तिगत राय है कि जिन लोगों ने पार्टी के लिए काम किया है, उन्हें पुरस्कृत करना पड़ेगा।
सतीश पूनिया की गाड़ी पर हमले के सवाल पर पायलट ने कहा- राजनीति ऐसा प्लेटफार्म है। जहां अलग सोच के लोग हैं, मैं नहीं समझता कि हिंसा, बदसलूकी का कोई स्थान होना चाहिए। जब से केंद्र में बीजेपी का राज आया है तब से प्रतिशोध की राजनीति शुरू हो गई है। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करना आम बात हो गई है। राजनीति में हमें सभ्य भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए और हिंसा का स्थान राजनीति में नहीं होना चाहिए।
