सीकर: राजस्थान कांग्रेस में चल रहा सियासी घमासान जारी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की सियासी खींचतान के बीच सीकर के खंडेला से कांग्रेस के बागी होकर निर्दलीय विधायक बने महादेव सिंह खंडेला भी गहलोत के पक्ष में सामने आए हैं। उन्होंने साफ कहा कि गहलोत ही कांग्रेस और कांग्रेस ही गहलोत है। उनकी आस्था कांग्रेस और अशोक गहलोत में है। गहलोत के अलावा कोई और CM बन ही नहीं सकता।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक महादेव सिंह खंडेला ने कहा कि खंडेला में लोग उन्हें ही कांग्रेस मानते है। वैसे ही राजस्थान में कांग्रेस सिर्फ अशोक गहलोत ही है। खंडेला ने कहा कि कांग्रेस मेरी मां है। मैंने सदैव से कांग्रेस को मां माना है और हमेशा उसके साथ हूं, मेरा अशोक गहलोत में विश्वास है और मैं कहता हूं अशोक गहलोत ही राजस्थान की कांग्रेस है और वो ही मुख्यमंत्री रहेंगे, मुझे आलाकमान पर पूरा विश्वास है।
आलाकमान द्वारा सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने पर भी मुख्यमंत्री गहलोत के समर्थन में उन्होंने कहा कि ये संभव ही नहीं है। आलाकमान पायलट को कभी मुख्यमंत्री नहीं बना सकता। अशोक गहलोत ही मुख्यमंत्री पद पर रहेंगे।
कांग्रेस के प्रति निष्ठा
महादेव सिंह खंडेला ने कांग्रेस के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से प्राप्त प्रमाण पत्र भी दिखाया। जो आपातकाल के बाद 1979 में इंदिरा गांधी के कारावास के विरोध में जेल जाने पर उन्हें प्राप्त हुआ था। महादेव सिंह ने कहा कि उनके पिता व दादा भी प्रजामंडल के समय से कांग्रेस के साथ रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बदौलत ही वे छह बार विधायक व एक बार केंद्रीय मंत्री बने।
जनता कौन होती है, जो मर्जी होगी वही करूंगा
पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ने पर महादेव सिंह ने कहा कि मैंने बगावत नहीं की, खंडेला की जनता मुझे ही कांग्रेस मानती है। उन्होंने कहा कि आप कैंडीडेट को समर्थन मत करो आप तो चुनाव लड़ो। उनकी बात मानकर ही मैंने चुनाव लड़ा। जब सवाल किया गया तो कि जनता ही कहें कि आप पायलट का समर्थन करो तो तुरंत ही बोले मेरी मर्जी होगी वो करूंगा, जनता कौन होती है ऐसा कहने के लिए।
