जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र सरकार पर हमला बोला और कहा कि केंद्र सरकार वैक्सीन के वितरण में प्रदेश से भेदभाव कर रही है। वैक्सीन की नीति को केंद्र सरकार ने ही तय किया था। उसी के मुताबिक वैक्सीन लगनी थी लेकिन उन नियमों की पालना भी उचित तरह से नहीं की गई।
डोटासरा ने केंद्र के वैक्सीनेशन वितरण में भेदभाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने कई बार केन्द्र को अवगत कराया था। प्रदेश को वैक्सीन उलपब्ध करवाने में मोदी सरकार फेल साबित हुई है। जिन लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगानी थी, उनके लिए केंद्र की ओर से वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं करवाई गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस समस्या को लेकर पीएम, केंद्रीय गृह मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री को बार-बार अवगत भी करवाया, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान ही नहीं दिया।
सभी 25 सांसद वैक्सीन दिलवाने में रहे फेल
केंद्र सरकार शुरू से सभी कामों में विफल रही है। प्रदेश भाजपा नेता भी नाकाम रहे हैं। राज्य ने लोकसभा में 25 सांसद दिए हैं, लेकिन वो सब फेल हो गए। 25 में से एक भी सांसद ने पीएम मोदी से नहीं कहा कि प्रदेश को वैक्सीन दें। प्रदेश को अगर वैक्सीन नहीं मिली तो आंदोलन करेंगे। वैक्सीन के खराब होने को लेकर डोटासरा ने कहा कि पूरे देश में वैक्सीन खराब हुई है। इसका कारण केंद्र सरकार की गलत पॉलिसी है।
परीक्षा का फैसला लॉकडाउन के बाद
डोटासरा ने कहा कि परीक्षा को लेकर तैयारियां चल रही हैं। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को भी कहा है। लॉॅकडाउन के बाद निर्णय ले जल्द परीक्षा की तिथि तय की जाएंगी। इधर, कांग्रेस पार्टी में राजनीतिक नियुक्तियां, कांग्रेस जिला अध्यक्ष, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आदि को लेकर भी लॉॅकडाउन के बाद ही कोई फैसला लेने की बात कहीं।
