जयपुर : प्रदेश में REET विवाद और कंटेनर हादसे में मारे गए चालक की पत्नी मनीषा को न्याय दिलाने को लेकर शनिवार को लगातार दूसरे दिन सांसद किरोडी लाल मीणा, मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के घर धरने पर बैठे रहे। मीणा ने कहा कि जब तक सरकार झुंझुनूं की बेटी मनीषा को न्याय नहीं दे देती, मैं धरना समाप्त नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि में REET में बड़े स्तर पर धांधली हुई है। जिसमें सरकार के कई मंत्री और अधिकारी भी शामिल है। ऐसे में इस पूरे मामले की CBI जांच करवाई जानी चाहिए।
मीणा ने कहा कि REET मामले में मुख्य सचिव से झुंझुनूं की बेटी को न्याय देने की मांग की थी। लेकिन मुख्य सचिव हमें केवल गुमराह करती रही। उन्होंने गोलमोल बात करके मामले को टालने की कोशिश की। ऐसे में जब तक पीड़ित महिला को दस लाख रुपए मुआवजा, सरकारी नौकरी और दुर्घटना के केस की उच्च स्तरीय जांच की मांग पूरी नहीं हो जाती। हम पीड़िता के विधानसभा क्षेत्र उदयपुरवाटी के विधायक के घर धरने पर बैठे रहेंगे।
बता दें कि REET प्रकरण को लेकर सांसद किरोड़ी लाल मीणा पिछले 3 महीने से लगातार सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। राजेंद्र गुढ़ा के घर पर धरना देने से पहले मीणा शदीद स्मारक, SOG ऑफिस, ED ऑफिस भी धरना दे चुके हैं। हर बार सरकार और अधिकारियों की समझाईश के बाद किरोड़ी अपनी मांगे पूरी करवा कर धरना खत्म कर देते है। लेकिन हर बार नई मांगो के साथ किरोड़ी फिर से सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ जाते है। ऐसे में किरोड़ी की रणनीति सरकार के लिए परेशानी बनती जा रही है।
