वाराणसी : उत्तर प्रदेश में भले ही योगी 2.0 की शुरुआत आधिकारिक रूप से 25 मार्च से होगी, लेकिन अपराधियों पर शिकंजा तेजी से कसता जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को वाराणसी में दिनदहाड़े 2 लाख के इनामी मनीष सिंह सोनू को मार गिराया गया।
2 लाख के इनामी मनीष सिंह सोनू को यूपी एसटीएफ ने वाराणसी के लोहता इलाके में मुठभेड़ में मार गिराया। एनडी तिवारी हत्याकांड समेत कपसेठी में 10 लाख की रंगदारी समेत कई अन्य मामलों में मनीष सिंह सोनू वांछित था। उस पर जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी और चंदौली में दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।

इसके बाद यूपी एसटीएफ ने मनीष सिंह सोनू को घेर लिया. बताया जा रहा है कि इस दौरान मनीष सिंह सोनू ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया। उसके पास से 9 एमएम कारबाइन, .32 बोर की पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुआ है। यूपी में बीजेपी सरकार की वापसी के बाद यूपी पुलिस का यह पहला एनकाउंटर है, जिसमें बदमाश ढेर हुआ है।
बीते दिनों ही मनीष सिंह सोनू पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाते हुए 2 लाख कर दी थी। वह कई महीनों से फरार चल रहा था। 28 अगस्त 2020 को मनीष सिंह सोनू ने चौकाघाट में दिनदहाड़े कैंट थाने के हिस्ट्रीशीटर अभिषेक सिंह प्रिंस सहित दो लोगों की हत्या कर दी थी। इससे पहले मनीष आजमगढ़ में एक सराफा कारोबारी से लूट और हत्या के मामले में वांछित था।
