प्रधानमंत्री मोदी ने लखनऊ में दी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने कहा कि आज हमने एक सक्षम नेता खो दिया। हमें उनकी क्षतिपूर्ति के लिए उनके मूल्यों और संकल्पों को लेकर अधिकतम प्रयास करना चाहिए। हमें उनके सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए। बता दें कि कल्याण सिंह का शनिवार रात करीब सवा नौ बजे लखनऊ में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे। कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जाएगा।

पीएम बोले- उन्होंने अपना नाम सार्थक कर दिया
श्रद्धांजलि के बाद पीएम मोदी ने कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि हमसब के लिए यह शोक की घड़ी है। उन्होंने जीवन ऐसे जिया कि माता-पिता द्वारा दिए गए नाम को सार्तक कर दिया। उन्होंने जनकल्याण को अपना जीवन समर्पित कर दिया। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत और सामर्थवान नेता खोया है। हम उनके आदर्शों को ध्यान में रखते हुए उनका सपना साकार करने का प्रयास करेंगे।

पीएम मोदी ने कल्याण सिंह को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एयरपोर्ट से सीधे कल्याण सिंह के मॉल एवेन्यू आवास पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर पुष्प चक्र अर्पित किया।

कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने लखनऊ पहुंचे पीएम मोदी, सीएम योगी भी हैं साथ

यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उन्होंने प्रदेश में 23 अगस्त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है।

उत्तराखंड में एक दिन का शोक घोषित
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के बाद सोमवार को उत्तराखंड में भी एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताया था। उन्होंने कहा था कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई तथा आने वाली पीढ़ियां इसके लिए उनकी आभारी रहेंगी। उन्होंने कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह से बात की और संवेदनाएं प्रकट कीं।

लाल कृष्ण आडवाणी ने जताया दुख
लाल कृष्ण आडवाणी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मेरे करीबी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी के निधन से मैं काफी दुखी हूं। भारतीय राजनीतिक का चमकता सितारा और जमीनी नेता थे। उन्होंने कमजोर वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए काफी मेहनत की थी जिसके चलते वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने राज्य के बहुमुखी विकास में काफी योगदान दिया था। मैं राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान उनके साथ अपनी कई  बातें याद करता हूं।

वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका जनता के साथ अद्भुत जुड़ाव था। वहीं, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें राष्ट्रवादी तथा बेमिसाल नेता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *