नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कुछ दिनों पहले हुए बुजुर्ग के साथ हुई मारपीट से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर विवाद जारी है। दिल्ली में अब इस मामले में भड़काऊ ट्वीट करने को लेकर स्वरा भास्कर,ट्विटर इंडिया हेड मनीष माहेश्वरी समेत अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है।
ये शिकायत दिल्ली के तिलक मार्ग पर स्थित पुलिस थाने में कराई गई है, आरोप है कि गाजियाबाद में हुई बुजुर्ग के साथ पिटाई के मामले में इन सभी ने भड़काऊ ट्वीट किया। एडवोकेट अमित आचार्य द्वारा ये शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल, फ्रेश शिकायत के आधार पर अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, इस मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के लोनी इलाके वाला वीडियो क्या था
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी इलाके का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दाढ़ी वाले बुजुर्ग की कुछ युवकों द्वारा पिटाई की जा रही थी। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था।
इसी के बाद गाजियाबाद पुलिस ने मामले की छानबीन की और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को गलत करार दिया। गाजियाबाद पुलिस इस मामले में पहले ही ट्विटर, ट्विटर इंडिया समेत अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज कर चुकी है। जिसको लेकर काफी विवाद हो रहा है।
गाजियाबाद पुलिस ने इस पूरे विवाद के पीछे ताबीज़ खरीद को लेकर अनबन का कारण बताया था। हालांकि, बाद में बुजुर्ग शख्स ने अपने एक बयान में कहा कि वह ताबीज से जुड़ा काम नहीं करता है। मारपीट करने वालों ने उसपर जय श्री राम का नारा बोलने का दबाव बनाया।
