Headlines

अतिक्रमण हटाने को लेकर हिंसक झड़प में दो प्रदर्शनकारियों की मौत, 9 पुलिसकर्मी घायल

दरांग : असम के दरांग जिले के ढोलपुर गोरुखुटी में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। खबर है कि इस झड़प में दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई है। इसके अलावा नौ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है। खबरों के मुताबिक, ये झड़प तब हुई जब पुलिसकर्मियों की एक टीम अतिक्रमण हटाने के लिए इलाके में गई थी।

एक समाचार रिपोर्ट के मुताबिक, असम सरकार ने दरांग जिले के ढोलपुर गोरुखुटी गांव में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इसके तहत 800 परिवारों को हटाया गया। असम सरकार सरकार का दावा है कि ये लोग यहां अतिक्रमण करके रह रहे थे। इस गांव में ज्यादातर पूर्वी बंगाल मूल के मुसलमान रहते हैं। जिले के एसपी सुशांत बिस्वा सरमा ने कहा कि हिंसा में नौ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के मुताबिक दो प्रदर्शनकारियों को गोली लगी है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, इस गांव में पहली बार जून में भी ऐसा ही अभियान चलाया गया था। इसके बाद एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने यहां का दौरा किया था। कमेटी ने बताया था कि तब 49 मुस्लिम परिवार और एक हिंदू परिवार को यहां से हटाया गया था। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस पर ट्वीट किया- मैं राज्य के भाई और बहनों के साथ हूं। भारत का कोई भी नागरिक ऐसे बर्ताव का हकदार नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *