नई दिल्ली : नए आईटी रूल्स लागू होने के बाद से केंद्र सरकार और ट्विटर(Twitter) में तनातनी का माहौल है। आईटी से संबंधित संसद की स्थायी समिति ने केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर का ट्विटर अकाउंट लॉक किए जाने के मामले में दो दिनों के अंदर जवाब मांगा है। पीटीआई के मुताबिक, समिति ने पूछा है कि रविशंकर प्रसाद और शशि थरूर के ट्विटर(Twitter) अकाउंट क्यों लॉक किए गए थे?
कॉपीराइट उल्लंघन के लिए ट्विटर(Twitter) द्वारा आईटी मिनिस्टर रविशंकर प्रसाद के अकाउंट बंद करने के बाद संसदीय पैनल से शशि थरूर ने कहा था कि उनके साथ भी ऐसा ही हुआ था। थरूर ने समिति को निर्देश दिया था कि रविशंकर प्रसाद और उनके अकाउंट पर रोक लगाने को लेकर ट्विटर से जवाब मांगा जाए। अब सरकार की ओर से ट्विटर से दोनों मामलों में जवाब देने के लिए कहा गया है।
ट्विटर ने शुक्रवार 25 जून को एक घंटे के लिए कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद का अकाउंट ब्लॉक कर दिया था और इसके लिए अमेरिका के कानूनों का हवाला दिया था।
