Headlines

Tokyo Olympics: PM मोदी पीवी सिंधु से बोले- आपकी सफलता के बाद हम साथ में आइसक्रीम खाएंगे

Tokyo Olympics: PM मोदी पीवी सिंधु से बोले- आपकी सफलता के बाद हम साथ में आइसक्रीम खाएंगे

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में शामिल होने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों से संवाद कर रहे हैं। इसमें दीपिका कुमारी, प्रवीण जाधव, सानिया मिर्जा, पीवी सिंधु, नीरज चोपड़ा, दुती चंद, आशीष कुमार, मेरी कॉम, मनिका बत्रा, विनेश फोगाट, साजन प्रकाश और मनप्रीत सिंह समेत 15 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। दिग्गज महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम और भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) खेलों के लिए भारतीय दल का ध्वजवाहक चुना गया है। दोनों खिलाड़ी 23 जुलाई को होने वाले टोक्यो खेलों के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल की अगुवाई करेंगे। ओलंपिक खेलों में पदक के सबसे बड़े दावेदारों में से एक पहलवान बजरंग पूनिया 8 अगस्त को समापन समारोह में भारतीय ध्वजवाहक की भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान PM मोदी ने रियो ओलंपिक में रजत पदक विजेता और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु से बात करते हुए उन्हें टोक्यो ओलंपिक के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि ओलिंपिक से अच्छा परफॉर्म करके लौटने पर हम साथ में आइसक्रीम खाएंगे।

PM ने कहा कि किसी भी एथलीट को अपेक्षाओं के बोझ तले दबने की जरूरत नहीं है। पूरा भारत आपके साथ खड़ा है। आप सभी एथलीट निर्भीक होकर खेलें। जापान में अपना हुनर दिखाएं। सभी खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री के साथ कार्यक्रम में खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, किरन रिजिजू और स्पोर्ट्स सेक्रेटरी रवि मित्तल भी मौजूद हैं।

तीरंदाज दीपिका कुमारी

PM मोदी ने सबसे पहले तीरंदाज दीपिका कुमारी से बातचीत की। दीपिका ने PM से कहा कि मैंने बांस के धनुष से शुरूआत किया था। बाद में आधुनिक धनुष को अपनाया। सबसे ज्यादा उम्मीदें खुद से होती हैं। ओलिंपिक में कैसे परफॉर्म करना है मेरा पूरा फोकस इसी पर है।

तीरंदाज प्रवीण कुमार जाधव

तीरंदाज प्रवीण कुमार जाधव ने PM मोदी को बताया कि पहले मैं एथलेटिक्स करता था। मेरा सिलेक्शन गवर्नमेंट अकेडमी में हुआ। बाद में अमरावती चला गया। उसके बाद मैं तीरंदाजी करने लगा। मुझे पता था कि मुझे मजदूरी ही करनी पड़ेगी, इसलिए मैंने खेल में करियर बनाने का सोचा और तीरंदाजी जारी रखा। जब भी किसी मुश्किल में पड़ता था, तो अपना बैकग्राउंड याद करके खुद को मोटिवेट करता था।

बोझ तले दबने की जरुरत नहींः पीएम मोदी

जेवलीन थ्रोअर नीरज चोपड़ा से बात करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने सलाह देते हुए कहा कि ओलंपिक में अपेक्षाओं के बोझ तले दबने की जरुरत नहीं है। आपको निर्भीक होकर खेलने की जरुरत है।

एथलीट दुती चंद

एथलीट दुती चंद से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आपके बरसों की मेहनत का फैसला पलक छपकते ही होता है। आपने देश के लिए बहुत से रिकॉर्ड बनाए हैं। उम्मीद है कि इस बार देश के लिए पदक की जगह बनाएंगी. आपको ओलंपिक के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। पूरा देश आपके साथ खड़ा है। दुती चंद ने कहा कि मेरी बड़ी फैमिली थी। खाने-पीने की कमी थी। मैं जानती थी कि अगर मैं स्पोर्ट्स करूंगी, तो मुझे जॉब मिल जाएगा और मेरी फैमिली की आर्थिक स्थिति सुधर जाएगी। मेरे लाइफ में हमेशा से कॉन्ट्रोवर्सी रही है। पर मेरा लक्ष्य हमेशा से ओलिंपिक मेडल रहा है। मैं दूसरी बार ओलिंपिक में भाग ले रही हूं और मेडल जीतने के लिए अपना 100% दूंगी।

बॉक्सर आशीष कुमार

आशीष कुमार के साथ बातचीत करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का जिक्र करते हुए कहा कि खेल के दौरान उनके पिता का दुखद निधन हो गया था, लेकिन उन्होंने खेल को चुना। आशीष ने कहा कि मेरे घर में खेल का माहौल रहा है। मेरे पापा कबड्‌डी खिलाड़ी रहे। मैं पहले काफी पतला था। इसलिए मैंने बॉक्सिंग का चयन किया। मेरे ओलिंपिक क्वालिफायर कॉम्पिटीशन से 25 दिन पहले मेरे पिता का देहांत हो गया था। इस दौरान मेरे परिवार के अन्य सदस्यों ने सपोर्ट किया। परिवार ने कहा कि पापा के सपने को पूरा करने के लिए मैं ओलिंपिक में जाऊं। मैं स्पेन में कोरोना पॉजिटिव हो गया था। रिकवरी में मुझे एक महीना लगा। भारत वापस आने के बाद कोचिंग स्टाफ ने पूरा सपोर्ट किया। अब मैं ओलिंपिक के लिए तैयार हूं।

बॉक्सर मेरी कॉम

मेरी कॉम ने कहा कि मेरे घर पर मेरे बच्चे मुझे मिस करते हैं। मैं उनको समझाती हूं कि मैं देश के लिए खेलने जा रही हूं। आपको पापा की बात माननी है और उनको फॉलो करना है। बच्चे ऑनलाइन क्लास की वजह से बोर हो रहे हैं। मैं बच्चों को समझाती हूं कि आप घर में रहें और सुरक्षित रहें। हुक मेरा सबसे फेवरेट पंच है। बॉक्सिंग में मेरे हीरो मोहम्मद अली हैं।

शटलर पीवी सिंधु

सिंधु ने बताया कि इस बार उनकी ओलिंपिक को लेकर अच्छी तैयारी है। PM ने सिंधु के अलावा उनके माता-पिता से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि सभी पैरेंट्स को यह पता होना चाहिए कि वे अपने बच्चे का ध्यान किस प्रकार रख सकते हैं। अगर एथलीट स्वस्थ रहेगा, तो निश्चित तौर पर आगे बढ़ सकेगा।

शूटर इलावेनिल

इलावेनिल ने कहा कि मैं पहले एथलेटिक्स करती थी। मैं पहले जूडो की तैयारी करती थी। बाद में मैंने शूटिंग में हिस्सा लेना शुरू किया। मुझे इस खेल में मजा आने लगा। मेरे कॉलेज की ओर से मुझे काफी सपोर्ट मिल रहा है।

शूटर सौरभ चौधरी

सौरभ ने बताया कि मैंने 2009 में शूटिंग शुरू किया। पास के गांव में एक अकेडमी थी। मैं वहीं शूटिंग की प्रैक्टिस करने लगा। धीरे-धीरे रिजल्ट मिलता गया। भारत सरकार की ओर से मदद मिली और आज मैं यहां पर हूं। मैं मानिसक रूप से मजबूत होने के लिए योग और मेडिटेशन करता हूं।

टेबल टेनिस प्लेयर शरत कमल

शरत कमल ने कहा कि टेबल टेनिस को गवर्नमेंट की ओर से काफी सपोर्ट मिल रहा है। पहले इस स्पोर्ट को किनारा कर दिया जाता था। अब इसमें काफी खिलाड़ी दिलचस्पी ले रहे हैं।

टेबल टेनिस प्लेयर मणिका बत्रा

मणिका बत्रा ने बताया कि मैंने हाथ पर तिरंगा बनाया हुआ है। जब मैं इसे देखती हूं तो मुझे काफी प्रेरणा मिलती है। मुझे लगता है कि देश के लिए कुछ करना है। मुझे डांस करना भी पसंद है। इससे मुझे आत्मविश्वास मिलता है। मैं गरीब बच्चों को भी टेबल टेनिस सिखाती हूं।

17 जुलाई को भारत का पहला जत्था रवाना होगा

भारत से 17 जुलाई को खिलाड़ियों का पहला जत्था टोक्यो रवाना होगा। 23 जुलाई से ओलिंपिक(Tokyo Olympics) की शुरुआत हो रही है। भारत की ओर से इस साल 126 खिलाड़ियों का दल ओलंपिक में जा रहा है। ओलंपिक में भारत से भेजे जाने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा दल है। भारतीय एथलीट्स 18 खेलों के 69 इवेंट्स में हिस्सा लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *