सिलीगुड़ी। उन्नत समाज-समर्थ राष्ट्र के बीज मंत्र को समर्पित ब्राह्मण समाज के शिखर संगठन विप्र फाउंडेशन के सिलीगुड़ी चैप्टर द्वारा आगामी 9 से 15 जनवरी 2022 तक स्थानीय शिवम पैलेस, बर्दवान रोड, सिलीगुड़ी में दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक देश के सुविख्यात कथा वाचक श्रद्धेय राधाकृष्णजी महाराज (जोधपुर) के व्यासत्व में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। विप्र फाउंडेशन, सिलीगुड़ी चैप्टर अपने सेवा कार्यों के लिए सारे देश में विख्यात है।
कथा समिति के स्वागताध्यक्ष जुगलकिशोर तावणीया ने बताया कि राधाकृष्णजी महाराज अपनी मधुर वाणी तथा मीठी-मीठी मारवाड़ी भाषा की मनमोहक शैली के कारण सहज ही भक्तों का मन मोह लेते हैं। स्वागत मंत्री संजय शर्मा ने बताया कि उत्तर पृूर्वी भारत के प्रवेश द्वार धर्मनगर सिलीगुड़ी के भक्तों को नववर्ष के अवसर पर भक्तिमयी गंगा में डुबकी लगवाने के लिए इस महत्ती आयोजन का निर्णय लिया गया है। इस विशाल आयोजन के मुख्य यजमान शहर के विशिष्ट समाज सेवी दानवीर श्रीमती ज्ञानवती देवी एवं डॉ. टी.एम. तिवारी हैं, तथा सभी समाजबंधु आयोजन को विशिष्ट बनाने हेतु सक्रिय रूप से लगे हुए है।
विप्र फाउंडेशन, सिलीगुड़ी चैप्टर के अध्यक्ष रामचन्द्र शर्मा, सचिव निरंजन शर्मा व कोषाध्यक्ष अनिल तिवारी ने बताया कि हमारे लिए यह बहुत ही गर्व का विषय है कि ब्राह्मण समाज द्वारा पहली बार ऐसा विशाल व सार्वजनिक आयोजन किया जा रहा है तथा इस महत्ते आयोजन से सिर्फ विप्र बंधुओं से ही आर्थिक सहयोग लिया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक दामोदर शर्मा ने बताया कि श्रद्धेय महाराज को सुनने हेतु समाज के सभी वर्गों के लोग व्यग्रता से इंतजार कर रहे हैं। कथा आयोजन में कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाएगा एवं मास्क, सेनिटाइजर के साथ-साथ थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

