नई दिल्ली : संजय कुमार मोहंती ने रेल मंत्रालय में रेलवे बोर्ड के ऑपरेशन एंड बिजनेस डेवलपमेन्ट(O&BD ) के नए सदस्य और कार्यकारी अधिकारी का पदभार संभाल लिया है। यह नियुक्ति 1 मई 2021 से प्रभावी है। श्री मोहंती रेलवे बोर्ड के सदस्य के पद पर आसीन होने से पहले दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक थे।
संजय कुमार मोहंती दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के पूर्व छात्र हैं और भारतीय रेल यातायात सेवा (IRTS) के 1984 बैच के अधिकारी हैं। मोहंती ने भारतीय रेलवे में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वे प्रधान कार्यकारी निदेशक (यातायात परिवहन) / रेलवे बोर्ड, ईस्ट कोस्ट रेलवे में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक और मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा खुर्दा रोड डिवीजन में मंडल रेल प्रबंधक रह चुके हैं।
मोहंती ने मुंबई, नागपुर, झांसी और कोंकण रेलवे में भी विभिन्न वरिष्ठ पदों पर काम किया है, जहां उन्हें प्रशासन तथा ट्रेन संचालन में विभिन्न नवाचारों के लिए सिस्टम बिल्डर के रूप में जाना जाता था। भारतीय रेलवे और रेल परिवहन में उनका योगदान उल्लेखनीय तथा वृहद् है।
