मुंबई : रिलायंस इंडस्ट्रीज की 44वीं सालाना आम सभा में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने रिलायंस जियो और गूगल की साझेदारी में बने नए स्मार्टफोन जियोफोन नेक्स्ट की घोषणा कर दी है। नया स्मार्टफोन जियो और गूगल के फीचर्स और ऐप्स से लैस होगा। एंड्रायड बेस्ड इस स्मार्टफोन का ऑपरेटिंग सिस्टम जियो और गूगल ने मिलकर तैयार किया है। मुकेश अंबानी ने ऐलान किया कि नया स्मार्टफोन आम आदमी की जेब के लिहाज से बनाया गया है। यह बेहद किफायती होगा और 10 सितंबर यानी गणेश चतुर्थी से बिक्री शुरू होगी। अंबानी ने कहा कि देश को 2G मुक्त 5G युक्त बनाना हमारा लक्ष्य है।
दुनिया का सबसे सस्ता स्मार्टफोन
भारतीय बाजार के लिए विशेष तौर पर बनाया गया जियोफोन नेक्स्ट स्मार्टफोन पर यूजर्स गूगल प्ले से भी ऐप्स डाउनलोड कर सकते हैं। स्मार्टफोन में बेहतरीन कैमरा और एंड्रायड अपडेट भी मिलेंगे। फुली फीचर्ड इस स्मार्टफोन को मुकेश अंबानी ने भारत का ही नहीं दुनिया का सबसे सस्ता स्मार्टफोन बताया।हालांकि, अभी इसकी कीमत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसकी कीमत काफी कम रखी जाएगी। जियो-गूगल का एंड्रॉयड बेस्ड स्मार्टफोन जियोफोन नेक्स्ट गेम चेंजर साबित होगा। यह उन 30 करोड़ लोगों की जिंदगी बदल सकता है जिनके हाथ में अभी भी 2G मोबाइल सेट हैं। तेज स्पीड बढ़िया ऑपरेटिंग सिस्टम और किफायती दाम के दम पर जियो-गूगल का नया स्मार्टफोन करोड़ों नए ग्राहकों से रिलायंस जियो की झोली भर सकता है।
