Headlines

वसूली कांड: सीबीआई ने अब अनिल देशमुख के वकील को किया गिरफ्तार

मुंबई : महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपये की वसूली करने के आरोप वाले केस में सीबीआई ने गुरुवार को उनके वकील को गिरफ्तार कर लिया है। वकील को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है। बता दें कि इस मामले में अब तक सीबीआई के सब-इंस्पेक्टर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक वकील का नाम आनंद दागा है। उनपर अंतर्राष्ट्रीय कागजात लीक करने का आरोप है। जो कि अनिल देशमुख के लोगों को भी दिया गया। जानकारी के मुताबिक यह वकील महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के लिए काम करता था।

सीबीआई ने अपने ही अधिकारी को किया गिरफ्तार

सीबीआई ने 100 करोड़ वसूली मामले में अपने ही एक एसआई को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एसआई देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की प्रारंभिक जांच को प्रभावित करने के लिए रिश्वत ले रहा था। बता दें कि जांच एजेंसी ने इलाहाबाद और दिल्ली में भी छापे मारे।

समन को रद्द करने की मांग

महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बॉम्बे हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर मनी लॉन्ड्रिंग जांच में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उन्हें जारी किए गए समन को रद्द करने की मांग की है।

मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह ने लगाए थे गंभीर आरोप

उल्लेखनीय है कि मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि देशमुख वसूली कांड में लिप्त रहे हैं। परमबीर सिंह ने आरोप लगाया है कि देशमुख ने मुंबई पुलिस के बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे से हर महीने 100 करोड़ रुपये वसूली करने के लिए कहा था।बता दें कि देशमुख के खिलाफ 11 मई को मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले सीबीआई ने अप्रैल में देशमुख के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज करते हुए उनके चार परिसरों पर छापेमारी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *