भगवंत मान की प्लेइंग इलेवन: पंजाब मंत्रिमंडल में एक महिला समेत दस विधायक बने मंत्री

भगवंत मान की प्लेइंग इलेवन: पंजाब मंत्रिमंडल में एक महिला समेत दस विधायक बने मंत्री

अमृतसर: पंजाब चुनाव में प्रचंड जीत के बाद आम आदमी पार्टी (एएपी) के भगवंत मान ने 16 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। आज पंजाब को नया मंत्रिमंडल भी मिल गया है। चंडीगढ़ में 10 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। सचिवालय पहुंचने के बाद अगले एक घण्टे में मंत्रियों के विभागों का एलान होगा। सबसे पहले हरपाल चीमा ने शपथ ली। शपथ ग्रहण करने के बाद हरपाल चीमा ने कहा कि मैं पहले जनता का सेवक था और आज भी सेवक हूं। हम जैसे आम लोग, जिन्होंने मंत्री बनने के बारे में सोचा भी नहीं होगा, मंत्री बन गए हैं। हम सभी वादों को पूरा करेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान के बेटा और बेटी भी वीवीआईपी की अगली पंक्ति में मौजूद रहे।

इनमें 8 मंत्री पहली बार ही विधायक चुनकर आए हैं। शपथ ग्रहण के बाद अब सबकी नजर विभागों के बंटवारे पर है। 2 बजे मान सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग हो रही है। जिसमें कोई बड़ा फैसला लिया जा रहा है।

भगवंत मान ने होली की शाम खुद ट्वीट कर अपने मंत्रियों के नाम का ऐलान कर दिया था। पहली बार मुख्यमंत्री बने भगवंत मान ने नए मंत्रिमंडल में हर वर्ग और क्षेत्र को साधने की कोशिश की है। उनकी कैबिनेट में दलित, महिला और हिंदू समुदाय के विधायकों को भी जगह मिली है। कैबिनेट गठन में माझा और मालवा क्षेत्र का दबदबा भी साफ झलक रहा है।

सबसे पहले चीमा, अंत में हरजोत बैंस ने ली शपथ
सबसे पहले हरपाल चीमा ने मंत्रीपद की शपथ ली। इसके बाद डॉ. बलजीत कौर, हरभजन सिंह ETO, डॉ. विजय सिंगला, लालचंद कटारूचक्क, गुरमीत सिंह मीत हेयर, कुलदीप धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर, ब्रह्मशंकर जिंपा और अंत में हरजोत बैंस ने शपथ ली।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *