खटकड़ कलां : पंजाब के लिए आज बड़ा दिन है। पंजाब को आज नया मुखिया मिल गया है। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद आज भगवंत मान ने पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। भगवंत मान ने राज्य के सभी लोगों को शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है। मान ने लोगों से बड़ी संख्या में समारोह में शामिल होने की अपील करते हुए पुरुषों से उस दिन विशेष रूप से ‘बसंती’ (पीली) पगड़ी और महिलाओं को पीला ‘दुपट्टा’ (शॉल) पहन कर आने का भी आग्रह किया था। यह शपथ ग्रहण समारोह नवांशहर जिले के महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में हो रहा है। मान ने लोगों से उस पंजाब का निर्माण करने का भी आग्रह किया, जिसका भगत सिंह ने सपना देखा था। मान का शपथ ग्रहण समारोह शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होने की भी दिलचस्प वजह है। 2011 में यहीं से पंजाब के सफल कॉमेडियन रहे भगंवत मान का सियासी जीवन शुरू हुआ था।
पारंपरिक बसंती पगड़ी पहने पहुंचे लोग
स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के इस गांव में आप पार्टी के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह से पहले महिलाओं और बुजुर्गों सहित हजारों की संख्या में लोग पारंपरिक बसंती पगड़ी और स्टोल पहनकर बुधवार सुबह एकत्र होना शुरू हो गए। अधिकारियों को पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री की शपथ के लिए करीब 4,00,000 दर्शकों के इकट्ठा होने की उम्मीद है।
मान के बेटा और बेटी भी होंगे शपथग्रहण समारोह में शामिल
भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में उनके बेटा और बेटी भी शामिल है। दोनों लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अमेरिका से आए है। साथ ही भगवंत मान की मां और बहन भी शपथ ग्रहण समारोह की साक्षी बनेंगी।
