जालंधर : पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सीएम पद की शपथ ले ली है। उनके साथ डिप्टी सीएम के तौर पर सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने भी शपथ ली। पंजाब में पहली बार 2 डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह 11 बजे होना था लेकिन राहुल गांधी के इंतजार में 22 मिनट की देरी हुई। इसके बाद शपथ ग्रहण शुरु करवा दिया गया। राहुल गांधी उसके बाद राजभवन पहुंचे। अपमानित होकर मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने को मजबूर हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आए।
चरणजीत चन्नी अब पंजाब के इतिहास में पहले दलित मुख्यमंत्री बन गए हैं। वहीं, जट्टसिख कम्युनिटी से सुखजिंदर सिंह रंधावा और हिंदू नेता के तौर पर ओपी सोनी को डिप्टी सीएम बनाया गया है। पहले सोनी की जगह ब्रह्ममोहिंदरा का नाम घोषित किया गया था। मोहिंदरा कैप्टन ग्रुप से हैं, इसलिए अंतिम समय में उनका पत्ता कट गया।
विरोधियों के लिए नई चुनौती
पंजाब में विरोधियों ने चुनाव के बाद जो वादे किए, वह कांग्रेस ने अभी पूरे कर दिए। BJP ने दलित CM कहा तो कांग्रेस ने चरणजीत चन्नी को बना दिया। अकाली दल ने एक हिंदू व एक दलित को डिप्टी CM बनाने की बात कही थी। कांग्रेस ने हिंदू व जट्ट सिख को डिप्टी सीएम बनाकर उसका तोड़ निकाल लिया। अब पंजाब में सरकार बनाने के लिए विरोधियों के आगे नई चुनौती पैदा हो गई हैं। अब जातीय ध्रुवीकरण के मुद्दे पर कांग्रेस के पास उनके लिए सटीक जवाब है।
पंजाब में कांग्रेस के भीतर सियासी खींचतान
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर हरीश रावत के बयान को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने ट्वीट किया, “मुख्यमंत्री के रूप में श्री चरनजीत चन्नी के शपथ ग्रहण के दिन, श्री रावत का यह बयान कि चुनाव सिद्धू के तहत लड़े जाएंगे, चौंकाने वाला है। इससे सीएम के अधिकार को कमजोर करने की संभावना है।” शपथ ग्रहण से पहले हरीश रावत ने एक बयान में कहा था कि पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के चेहरे पर लड़ा जाएगा।
On the swearing-in day of Sh @Charnjit_channi as Chief Minister, Mr Rawats’s statement that “elections will be fought under Sidhu”, is baffling. It’s likely to undermine CM’s authority but also negate the very ‘raison d’être’ of his selection for this position.
— Sunil Jakhar (@sunilkjakhar) September 20, 2021
