चंडीगढ़ : कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद पंजाब का अगला सीएम कौन होगा? अब ये सवाल सबके मन में है। आज सुबह वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अंबिका सोनी का नाम सीएम पद की रेस में आया। सूत्रों के अनुसार, कुछ ही देर बाद अमिबका सोनी ने खुद ही इस पद के लिए मना कर दिया है। अंबिका सोनी ने अपने फैसले के पीछे सेहत का हवाला दिया। पार्टी के सभी लोगों ने अंबिका सोनी को यह पद संभालने के लिए बार-बार कहा और कहा कि आप के नाम पर आसानी से सहमति बन जाएगी और सर्वसम्मति से सभी आप को स्वीकार करेंगे लेकिन अंबिका सोनी ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। अंबिका सोनी दिल्ली में ही है और वह चंडीगढ़ नहीं जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, सीएम पद के नाम पर सहमति नहीं बन पाने के कारण आज 11 बजे होने वाली विधायक दल की बैठक रद्द कर दी गई है। पार्टी अब सबसे पहले सीएम पद के नाम पर एकजुटता बनाने की कोशिश कर रही है। अंबिका सोनी पंजाब में सिख चेहरे को देखना चाहती हैं। इस बीच पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर ने कहा है कि वे नवजोत सिंह सिद्धू को सीएम बनाने की किसी भी कोशिश का विरोध करेंगे।
