रोम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूरोप दौरे का आज दूसरा दिन है। उन्होंने वेटिकन सिटी पहुंचकर कैथोलिक क्रिश्चियन्स के सबसे बड़े धर्म-गुरु पोप फ्रांसिस और सेक्रेट्री ऑफ स्टेट कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन से मुलाकात की। पोप फ्रांसिस से मोदी की यह पहली मुलाकात थी। प्रधानमंत्री मोदी ने पोप को भारत आने का न्योता दिया। दोनों के बीच जलवायु परिवर्तन, गरीबी हटाने और दुनिया को बेहतर बनाने को लेकर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी और पोप के बीच 1 घंटे तक मुलाकात चली, जबकि मीटिंग का समय 20 मिनट ही तय किया गया था। पोप से मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी के ऑफिशियल शेड्यूल का हिस्सा नहीं थी, क्योंकि विदेश मंत्रालय ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत 3 राष्ट्राध्यक्षों से मुलाकात करेंगे।
मैक्रों से मुलाकात अहम
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मोदी की मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। दोनों के बीच पिछले महीने ‘आकस’ (AUKUS) के मसले पर भी बातचीत हुई थी। हालांकि, तब ये बातचीत फोन पर हुई थी। अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के बीच सबमरीन डील को लेकर काफी तनातनी हुई थी और इसका असर सीधे तौर पर कहीं न कहीं AUKUS पर होता नजर आ रहा था। हालांकि, फिलहाल जो बाइडेन और मैक्रों की बातचीत हो चुकी है और मामला ठंडा होता नजर आ रहा है।
एकजुट करने की कोशिश
प्रधानमंत्री मोदी की कोशिश होगी कि किसी भी तरह AUKUS देशों के बीच मतभेद न हों, क्योंकि अगर ऐसा होता है तो चीन हिंद और प्रशांत महासागर में इसका फायदा उठा सकता है और कोई भी देश ये नहीं चाहेगा। मोदी-मैक्रों की मुलाकात में आपसी संबंधों पर विस्तार से बातचीत होना तय है।

