पीएम मोदी ने विपक्ष पर बोला हमला, कहा- आज माफियाराज चलाने वाले सलाखों के पीछे

PM e1631606298479

अलीगढ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलीगढ़ पहुंचकर डिफेंस कॉरिडोर के नोड और राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कल तक जो अलीगढ़ लोगों के घरों की सुरक्षा करता था, आज वही अलीगढ़ मेरे हिंदुस्तान की सरहदों की रक्षा करेगा। यहां रक्षा उत्पाद बनेंगे। अलीगढ़ नोड में छोटे हथियार, ड्रोन, एयरोस्पेस, मेटल कंपोनेंट्स, डिफेंस पैकेजिंग जैसे उत्पाद बन सकेंगे। इसके लिए नए उद्योग लगाए जा रहे हैं। ये बदलाव अलीगढ़ और आस-पास के क्षेत्र को एक नई पहचान देगा। मोदी ने कहा, डिफेंस इंडस्ट्री के जरिए यहां के मौजूदा व्यापारियों और MSME को भी फायदा मिलेगा।

राष्ट्र के नायक और नायिकाओं को भुला दिया गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए अपने भाषण की शुरूआत की। बोले- आज वो जहां कहीं भी होंगे बहुत खुश होंगे। पीएम मोदी ने बिना नाम लिए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कहा, भारत का इतिहास ऐसे राष्ट्र भक्तों से भरा पड़ा है। ऐसे आजादी के दिवानों ने अपना सबकुछ खपा दिया, लेकिन ये देश का दुर्भाग्य रहा कि आजादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और नायिकाओं की तपस्या से देश की अगली पीढ़ियों को परिचित ही नहीं कराया गया। उनकी गाथाओं को जानने से देश की कई पीढ़ियां वंचित रह गई। 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी में सुधार रहे हैं।

E Of6xcVkAUT4BI

पहले पश्चिमी यूपी के लोग डरकर रहते थे
पीएम मोदी ने समाजवादी और बहुजन समाज पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने बगैर नाम लिए कहा कि एक दौर था जब उत्तर प्रदेश में शासन-प्रशासन गुंडो और माफियाओं की मनमानी से चलता था। अब वसूली करने वाले, माफिया राज चलाने वाले सलाखों के पीछे हैं। मैं पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोगों को विशेष तौर पर याद दिलाना चाहता हूं कि इसी क्षेत्र में चार-पांच साल पहले परिवार अपने ही घरों में डरकर जीते थे।

किसानों के लिए संभावनाओं के नए दरवाजे खुले
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार छोटे किसानों को ताकत देने के लिए काम कर रही है। डेढ़ गुना ज्यादा MSP दिए जा रहे। किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधाओं को बेहतर बनाया गया। किसानों के खाते में 6 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। कई योजनाओं से किसानों को मजबूत किया। यूपी में पिछले चार सालों में MSP के खरीद पर नए रिकॉर्ड बने हैं। गन्ने के किसानों का भी भुगतान किया गया। आने वाला साल यूपी के गन्ना किसानों के लिए नए संभावनाओं का द्वार खोलने वाला है। गन्ने से जो इथेनॉल बनता है, इसका ईंधन में प्रयोग बढ़ाया जा रहा है। इसका फायदा पश्चिमी यूपी के गन्ना किसानों को मिलेगा।

E OY65aUUAQu2tn

सहारनपुर में महारानी के नाम खुलेगा विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सहारनपुर में भी एक राज्य विश्वविद्यालय प्रस्तावित है। इसे महारानी के नाम पर खोला जाएगा। इसके अलावा मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के नाम पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने जा रहे हैं। योगी ने कहा, 2017 में पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। फरवरी 2018 में मोदी ने पहले इंवेस्टर समिट का उद्घाटन किया था। आज उसका परिणाम है कि देश के अंदर यूपी में 3 लाख करोड़ का निवेश हुआ। युवाओं को अपने ही घर और जनपद में रोजगार की सुविधा उपलब्ध हो पाई। उसी समय प्रधानमंत्री ने डिफेंस कॉरिडोर का शिलान्यास किया था। आज उसका एक नोड अलीगढ़ में शुरू हो रहा है। आजादी की लड़ाई में इस क्षेत्र का नेतृत्व करने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह को कभी याद नहीं किया गया। आज उनकी स्मृति में एक राज्य विश्वविद्यालय खोला जा रहा है। डिफेंस कॉरिडोर और राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय उन्हें आजादी के आंदोलन को हमेशा याद दिलाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *