नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल तेज हो गई है। मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में बदलाव की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नई दिल्ली में मौजूद हैं।
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री मोदी से मिलने उनके आवास पहुंचे, जहां पर उनकी बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई। दोनों नेताओं के बीच करीब सवा घंटे तक बैठक चली। पीएम मोदी के साथ होने वाली मीटिंग के बाद योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे। सूत्रों की मानें, तो यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात करेंगे।
Chief Minister of Uttar Pradesh, Shri @myogiadityanath met PM @narendramodi. pic.twitter.com/RMyYKf0BlR
— PMO India (@PMOIndia) June 11, 2021
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच होने वाली बैठक पर यूपी समेत पूरे देश की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इस मीटिंग से आने वाले वक्त में यूपी की राजनीति की बड़ी तस्वीर सामने आ सकती है।
बीते दिन अमित शाह से हुई थी मुलाकात
यूपी को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे, इस बीच गुरुवार को सीएम योगी दिल्ली पहुंचे। यहां सबसे पहले उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बैठक चली। इसके अलावा जितिन प्रसाद से भी मुलाकात की, जो हाल ही में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए हैं।
यूपी चुनाव के लिए मजबूत तैयारी
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान यूपी सरकार को कई बार आलोचना का सामना करना पड़ा है। ऐसे में अब अगले साल होने वाले चुनाव से पहले बीजेपी तैयारियों में जुट गई है। बीते दिन ही अमित शाह से अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद ने भी मुलाकात की, ऐसे में बीजेपी की ओर से यूपी में अपने सहयोगियों पर भी फोकस किया जा रहा है।
हालांकि कयास लगाए जा रहे है कि यूपी मंत्रिमंडल में कुछ बदलाव हो सकता है। साथ ही तमाम समीकरणों को साधने के लिए बीजेपी अपने संगठन में कुछ बदलाव भी कर सकती है।
