देहरादून। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने राजस्थान में सरकार गिराने के आरोपो का पूरी तरह से खंडन करते हुए कहा कि राजनीति में बहुत से आरोप लगाए जाते है आरोपों का जवाब देकर उनको बल देने का कोई फायदा नहीं है। हम कांग्रेस के कर्मठ, निर्मठ और सच्चे सिपाही हैं। कांग्रेस को कैसे मजबूत कर सकते है। उस दिशा में ही हमारी सोच रहती है। पायलट यहां कांग्रेस के देशभर में चल रहे महंगाई के खिलाफ आंदोलन में प्राण फूंकने आए थे। देहरादून में सचिन पायलट जिन्दाबाद के नारे भी लगे।
भाजपा के दांत खट्टे करने का काम मैंने किया
उन्होंने कहा कि जहां भी हमारी सरकार है चाहे वह पंजाब, राजस्थान व छत्तीसगढ़ सब जगह अपना उतरदायित्व सही ढंग से निभा रही हैं। भाजपा की सरकार के दांत खट्टे करने का काम मैने किया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए। सरकार को चलाने में सबका पूरा सहयोग है। हमारी पार्टी के नेतृत्व में यह विश्वास है कि अपनी बात रखने का अधिकार है। सही समय पर सही निर्णय लेने का काम हमारा नेतृत्व करता हैं।
जनता के बीच रहे ये दायित्व है हमारा
कांग्रेस के विधायकों के बिकाऊ होने का भी उन्होंने खण्डन किया और दावा किया कि कांग्रेस का झण्डा आज देश के हर कौने में आपकों दिखाई देगा। असम, पश्चिम बंगाल,केरल में चुनाव परिणाम अनुकूल नही आने को स्वीकार किया और कहा कि जनता का फैसला शिरोधार्य है,लेकिन हमारा दायित्व है कि हम जनता के बीच रहे। उनके मुद्दे को उठाएं। आने वाले चुनावों में इसका परिणाम देखने को मिलेगा।
66 बार पेट्रेाल-डीजल के दाम बढ़े
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट उत्तराखंड कांग्रेस में जोश भरने के लिए आज यहां पहुंचे और कहा कि केन्द्र चाहे तो तेल के दाम कम कर सकती हैं। रसोई गैस के मामले में मोदी सरकार ने देश भर की महिलाओं की रसोई पर सर्जिकल स्ट्राइक कर दी है। इसका जवाब आने वाले चुनाव में देश की जनता भाजपा को देगी। पायलट ने कहा, पेट्रोल-डीजल देशी घी से महंगा हो गया लगता है। रसोई गैस के मामले में भी हालात यहीं हैं। 66 बार पेट्रेाल-डीजल के दाम बढ़े हैं।
जनता बढ़ती महंगाई से परेशान
यूपीए के समय हम 25 पैसे भी बढ़ते थे तो हम ही आगे बढ़कर रोक देते थे,लेकिन पेट्रोल और डीजल पर एक्साइस बेतहाशा बढ़ाई है उसके साथ चतुराई से सेस भी लगा दिया। पेट्रोल पर 33 व डीजल पर 32 रुपए सेस लगा है। सबसे मजेदार बात यह है कि इसमें राज्य सरकारों की हिस्सेदारी भी नहीं होती। उन्होंने कृषि कानून को भी किसान विरोधी बताया कि जनता से जुड़े इन्हीं सब मुद्दों पर विरोध करने के लिए कांग्रेस सड़को पर उतरी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है। कहा कि आज पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से आम आदमी त्रस्त है।
यूपीए सरकार में हमने दाम नहीं बढऩे दिए
सचिन पायलट ने कहा कि आज केंद्र सरकार कच्चे तेल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में न्यूनतम पर आने के बावजूद पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ा रही है। देश में यूपीए शासनकाल के दौरान 10 वर्षों में कच्चे तेल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 100 डॉलर प्रति बैरल रही, लेकिन पेट्रोल 70 रुपये से ऊपर और डीजल 57 से ऊपर नहीं गया।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी उपस्थित रहे। इससे पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला देहरादून शहर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सचिन पायटल के समर्थन में नारे भी लगाए। सचिन पायलट के साथ कांग्रेस के सचिव काजी निजामुद्दीन भी थे।
