दुबई : सऊदी अरब ने कहा है कि कोरोना महामारी के कारण इस साल 60 हजार से अधिक लोगों को हज की अनुमति नहीं होगी। ये सभी लोग स्थानीय ही होंगे, जो हज कर सकेंगे। सऊदी सरकार द्वारा संचालित सऊदी प्रेस एजेंसी पर हज एवं उमरा मंत्रालय का हवाला देते हुए एक बयान में यह घोषणा की गई है।प्रतिवर्ष दुनिया भर से 20 लाख लोग हज यात्रा करते है ।
मध्य जुलाई में शुरू होगा हज
बयान में कहा गया है कि इस साल हज जुलाई के मध्य में शुरू होगा। इसमें 18 से 65 वर्ष की आयु के लोग हिस्सा ले सकेंगे। मंत्रालय ने कहा कि हज यात्रियों के लिए टीका लगवाना अनिवार्य है। बयान में कहा गया है कि सऊदी अरब इस बात की पुष्टि करता है कि उसने हाजियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा और उनके देशों की सुरक्षा के बारे में निरंतर विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया है।
