Headlines

पीएम मोदी ने गुजरात को दिया ‘5 स्टार’ गिफ्ट, ऊपर आलीशान होटल, नीचे चलेगी ट्रेन,वडनगर रेलवे स्टेशन,एक्वेटिक और रोबोटिक्स गैलरी

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात मे कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। इनमें गांधीनगर 5 स्टार होटल एंड रेलवे स्टेशन, वडनगर रेलवे स्टेशन, एक्वेटिक और रोबोटिक्स गैलरी, गुजरात साइंस सिटी में नेचर पार्क समेत कई बड़े प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।

पीएम मोदी ने कहा, “आज वडनगर भी विस्तार का हिस्सा बन चुका है। मेरी तो वडनगर स्टेशन से कितनी ही यादें जुड़ी हैं। जहां वह बचपन में चाय बेचते थे। गुजरात के मेहसाणा जिले का वडनगर भी प्रधानमंत्री का गृहनगर है। नया स्टेशन वाकई बहुत आकर्षक लग रहा है। इस नई ब्रॉडगेज लाइन के बनने से वडनगर-मोढेरा-पाटन हेरिटेज सर्किट अब बेहतर रेल सेवा से कनेक्ट हो गया है। ”

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी के भारत की ज़रूरत 20वीं सदी के तौर-तरीकों से पूरी नहीं हो सकती है। इसलिए रेलवे में नए सिरे से रिफॉर्म की जरूरत थी। हमने रेलवे को सिर्फ एक सर्विस के तौर पर नहीं बल्कि एक असेट के तौर पर विकसित करने के लिए काम शुरु किया। आज इसके परिणाम दिखने लगे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश का लक्ष्य सिर्फ कंक्रीट के स्ट्रक्चर खड़ा करना नहीं है, बल्कि आज देश में ऐसे इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो रहा है जिनका अपना कैरेक्टर हो।

पीएम मोदी ने कहा कि बच्चों के स्वाभाविक विकास के लिए मनोरंजन के साथ-साथ उनके सीखने और उनकी क्रिएटिविटी को भी स्पेस मिलना चाहिए। साइंस सिटी एक ऐसा प्रोजेक्ट है जो री-क्रिएशन और री-क्रिएटिविटी को आपस में जोड़ता है। इसमें ऐसी री-क्रिएशनल एक्टिविटीज हैं जो बच्चों में क्रिएटिविटी को बढ़ावा देती हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि साइंस सिटी में बनी एक्वाटिक्स गैलरी तो और भी आनंदित करने वाली है। ये देश के ही नहीं बल्कि एशिया के टॉप एक्यूरियम में से एक है। एक ही जगह पर दुनियाभर की समुद्री जैव विविधता के दर्शन अपने आप में अद्भुत अनुभव देने वाला है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “रोबोटिक्स गैलरी में रोबोट्स के साथ बातचीत आकर्षण का केंद्र तो है ही, साथ ही ये रोबोटिक्स के क्षेत्र में काम करने के लिए हमारे युवाओं को प्रेरित भी करेगा। बच्चों के मन में जिज्ञासा जगाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *