नई दिल्ली : ऑपरेशन गंगा के तहत 3726 भारतीयों को लेकर आज 19 फ्लाइट आएंगी। यह जानकारी नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी। उन्होंने इनमें से आठ फ्लाइट की डिटेल देते हुए बताया- 2 फ्लाइट ससिवा, 1 कोसिसे, 5 बुडापेस्ट और 3 फ्लाइट रेजेजो से आएंगी। गुरुवार दोपहर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से 183 भारतीयों को लेकर फ्लाइट मुंबई पहुंची है।
यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को ला रहे ऑपरेशन गंगा के तहत 200 भारतीयों को लेकर एयरफोर्स का पहला C-17 ग्लोबमास्टर विमान गुरुवार तड़के हिंडन एयरबेस पर उतर ही चुका है। अब तक 4 ग्लोबमास्टर से 808 भारतीय वापस लौटे हैं। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने यात्रियों का स्वागत किया। उधर, भारत में रूसी एम्बेसी ने दावा किया है कि भारतीय छात्रों को बंधक बनाकर यूक्रेन मानवीय कवच के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने कहा कि अभी तक ऐसी कोई रिपोर्ट उन्हें नहीं मिली है।
एअर इंडिया का एक और विमान भी गुरुवार तड़के दिल्ली पहुंचा। केंद्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने एयरपोर्ट पर यात्रियों का स्वागत किया। वहीं, इंडिगो का विशेष विमान भी बुखारेस्ट से 200 भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचा। इसमें आए स्टूडेंट्स का स्वागत केंद्रीय राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने किया।
वहीं मुंबई पहुंचे विमान में आए स्टूडेंट्स का स्वागत रेल राज्यमंत्री राव साहेब पाटिल दानवे ने किया। उन्होंने कहा कि रेलवे ने एक हेल्प डेस्क बनाई है। जो स्टूडेंट्स ट्रेन से घर जाना चाहते हैं, उन्हें एयरपोर्ट पर ही रिजर्वेशन टिकिट दिया जाएगा।
15 और उड़ानें पहुंचेंगी
अगले 24 घंटों में 15 और उड़ानें भारतीयों को लेकर पहुंचने वाली हैं। अंतिम भारतीय के आने तक ऑपरेशन जारी रहेगा। PM नरेंद्र मोदी खुद इस ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। यूक्रेन से लगे देशों में भारतीयों के रुकने और भोजन आदि की व्यवस्था चार केंद्रीय मंत्री देख रहे हैं।
17 हजार भारतीयों ने यूक्रेन छोड़ा
उधर, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि अब तक 17 हजार भारतीयों ने यूक्रेन छोड़ दिया है।
