नई दिल्ली : मोस्ट वांटेड आतंकी खलील हक्कानी काबुल की सड़कों पर खुलेआम घूमता हुआ दिखाई दिया। खलील हक्कानी के सिर पर अमेरिका ने 5 मिलियन डॉलर यानी करीब 37 करोड़ 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। आज सुबह हक्कानी ने काबुल की पुल-ए-खिश्ती मस्जिद में लोगों को तालिबान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान करीब 100 लोग मस्जिद में मौजूद रहे। शपथ के बाद आतंकी खलील हक्कानी ने कहा कि अफगानिस्तान की सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है। खलील हक्कानी ने कहा कि हम सुरक्षा देंगे। इस दौरान उसने कहा कि अफगानिस्तान के लोगों को व्यापार और शिक्षा के लिए भी हमलोग काम करेंगे। उसने कहा कि महिलाओं और पुरुषों में भेदभाव नहीं किया जाएगा।
बता दें कि जब से अफगानिस्तान पर आतंकी संगठन तालिबान का कब्जा हुआ है तभी से वहां की सड़कों पर आतंकियों को खुलेआम घूमते देखा जा रहा है। काबुल में आतंकी सड़कों पर हथियार लहरा रहे हैं और लोगों को डरा-धमका रहे हैं। तालीबानी आतंकी पिछले समय में अमेरिकी सैनिकों की मदद करने वालों को ढूंढ रहे हैं और उन्हें ठिकाने लगा रहे हैं।
