नई दिल्ली : देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस में पंजाब में चल रहे सियासी घमासान खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए एक बार फिर से कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से कांग्रेस के पास कोई अध्यक्ष नहीं है। उन्होंने कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) की बैठक बुलाने की मांग की रखी है।
कपिल सिब्बल ने मीडिया से कहा कि मैं आपसे उन कांग्रेसियों की ओर से बोल रहा हूं जिन्होंने पिछले साल अगस्त में कांग्रेस वर्किंग कमेटी और सेंट्रल इलेक्शन कमेटी को पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए पत्र लिखा था और हम अभी तक इसका इंतजार कर रहे हैं। इंतजार की भी एक हद होती है। हम कब तक इंजतार करेंगे। हम सिर्फ एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा चाहते हैं। कुछ बात होना चाहिए। CWC में किसी भी मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए। पंजाब के हालातों पर चर्चा होनी चाहिए। हम किसी के खिलाफ नहीं है। हम पार्टी के साथ हैं, लेकिन फैक्ट ये है कि हमारी पार्टी का कोई चुना हुआ अध्यक्ष नहीं है।’ उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को दिल्ली से कंट्रोल नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत भारी मन से यहां आया हूं। मैं उस पार्टी का हिस्सा हूं जिसका गौरवशाली इतिहास रहा है। फिलहाल जो स्थिति है, उसे नहीं देख सकते है। हम चुनौतियों का सामना कर रहे हैं और आज पार्टी जिस स्थिति में है, उसे वहां नहीं होना चाहिए।’
कपिल सिब्बल ने कहा, ‘लोग हमें छोड़ रहे हैं. सुष्मिता जी चली गईं। फेलेरियो चले गए। सिंधिया चले गए। जितिन प्रसाद चले गए। केरल से सुधीरन चले गए। अब सवाल ये है कि लोग क्यों जा रहे हैं? एक तार्किक उत्तर होना चाहिए’ उन्होंने कहा कि वर्किंग कमेटी को संवाद करना चाहिए।
