नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जॉइंट आपरेशन में गुरुवार को एक हवाला एजेंट को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक हवाला एजेंट लश्कर और अल बद्र जैसे आतंकी संगठनों को हवाला के जरिए रकम मुहैया करवाता था। मोहमद यासीन नाम के इस हवाला ऑपरेटर ने कश्मीर के एक आतंकी को 10 लाख रुपये ट्रांसफर भी किए थे। इस बात की जानकारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने दी है।
आरोपी की पहचान तुर्कमान गेट निवासी मोहम्मद यासीन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि कल केंद्रीय एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से मीना बाजार से आतंकी गतिविधियों को फंडिंग करने और संचालन करने वाले एक व्यक्ति के बारे में खबर मिली थी। उन्होंने बताया, ‘इसके बाद एक छापेमारी टीम का गठन किया गया और मीना बाजार में और उसके आसपास तैनात किया गया और प्रतिष्ठान के मालिक मोहम्मद यासीन को गिरफ्तार कर लिया गया।’
