Headlines

केंद्रीय कर्मचारियों के लिए खुशखबरी : महंगाई भत्ते पर लगी रोक हटी, तीन किश्तों को मिलाकर 11% बढ़ेगा DA

नई दिल्ली : देश में कोरोना के बढ़ते संकट और बढ़ती महंगाई के बीच केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया गया है। केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) को 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी करने का फैसला लिया है। यानी कर्मचारियों की सैलरी में महंगाई भत्ते (DA) में कुल 11 फीसदी की बंपर बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में ये फैसला लिया गया है।

बता दें कि कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय कर्मचारियों के DA की तीन किस्तों पर रोक लगी हुई थी। अब DA बढ़ने के बाद सितंबर 2021 से केंद्रीय कर्मचारियों को बंपर सैलरी मिलने वाली है। केंद्र सरकार की ओर से 1 जनवरी, 2020 से केंद्रीय कर्मचारियों के DA को रोक दिया गया था। बाद में इसे 1 जुलाई, 2021 तक रोका गया था ।

कैसे तय करती है सरकार महंगाई भत्ता यानी DA

महंगाई भत्ते यानी DA की कैलकुलेशन के लिए सरकार ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स पर बेस्ड महंगाई दर को आधार मानती है और इसके आधार पर हर दो साल में सरकारी कर्मचारियों का डीए संशोधित किया जाता है।

लगातार पड़ रही है जनता को महंगाई की मार

कोरोना महामारी के बीच देश की अर्थव्यवस्था कमजोर है और बाज़ारों में कमाई भी कम है। महामारी में कई लोगो की नौकरी तक छूट चुकी है और अब महंगाई का बोझ भी लोगों पर पड़ रहा है। लगातार पेट्रोल, डीज़ल के दाम बढ़ते जा रहे हैं। इसके अलावा खाद्य तेलों के दामों में भी बंपर बढ़ोतरी हो रही है।

बता दें कि दिल्ली, राजस्थान समेत देश के कई बड़े शहरों में पेट्रोल का दाम सौ रुपये प्रति लीटर को पार कर गया है, जबकि डीजल भी इस ओर बढ़ रहा है। इसके अलावा घरेलू गैस के दाम भी तेज़ी से बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *