नई दिल्ली : देश में कोरोना के नए मामलों में लगातार गिरावट के साथ ही केंद्र सरकार ने डोर-टु-डोर वैक्सीनेशन के लिए गाइडलाइंस भी जारी कर दी हैं। नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम उन लोगों के लिए घर पर टीकाकरण शुरू कर रहे हैं जो सेंटर पर जाने में सक्षम नहीं हैं। इसके लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की गई है। इस दौरान भी सभी नियमों का पालन किया जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि लगातार 12वें हफ्ते वीकली पॉजिटिविटी रेट में कमी आई है। यह 3% से भी कम है। देश में रिकवरी रेट 97.8% हो गया है। उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में वैक्सीनेशन पर जबरदस्त काम हुआ है। इस वजह से 18+ आबादी के 66% हिस्से को कोरोना का कम से कम एक डोज लग चुका है। 23% को दोनों डोज लग गए हैं।
6 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों ने अपनी 100% आबादी को पहला डोज लगा दिया है। इनमें लक्षद्वीप, चंडीगढ़, गोवा, हिमाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और सिक्किम शामिल हैं। 4 राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों में 90% से ज्यादा आबादी को पहला डोज लगाया गया है। इनमें दादरा और नगर हवेली, केरल, लद्दाख और उत्तराखंड हैं।
एक्टिव केस भी घटे
राजेश भूषण ने बताया कि एक्टिव केसों की संख्या भी घटी है। इस वक्त देश में तीन लाख एक्टिव केस हैं। इनमें 1 लाख से ज्यादा केरल में और 40 हजार से ज्यादा महाराष्ट्र में हैं।
