Headlines

CDS Helicopter Crash: हादसे से चंद सेकेंड पहले का वीडियो आया सामने, ब्लैक बॉक्स भी मिला

cds helicopter before crash

नई दिल्ली: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर हादसे का एक नया वीडियो सामने आया, जिसे क्रैश से ठीक पहले का बताया जा रहा है। इसे नीलगिरी के जंगलों में एक पर्यटक ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया। इसमें दिख रहा है कि चॉपर धुंध के बीच बहुत नीचे उड़ रहा है। वीडियो कुछ सेकेंड का है। ऐसा कहा जा रहा है कि इसके कुछ ही सेकेंड्स के बाद ही चॉपर पेड़ों से जा टकराया। इस हेलिकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स भी बरामद कर लिया गया है।

इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया, तमिलनाडु के कुन्नूर ​​​​​​इलाके में रावत के हेलिकॉप्टर का बुधवार दोपहर 12.08 बजे एटीसी से संपर्क टूट गया था। स्थानीय लोग घटनास्थल पहुंचे तो वहां पर हेलिकॉप्टर में आग लगी देखी। टीमें भी पहुंचीं और लोगों को बाहर निकाला गया। हेलिकॉप्टर में सवार 13 लोगों की मौत हो गई। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह वेलिंगटन हॉस्पिटल में लाइफ सपोर्ट पर हैं। उनकी जान बचाने की कोशिश की जा रही है।

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा। रावत, मधुलिका और हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के शव मद्रास रेजीमेंट सेंटर लाए गए हैं। यहां से रावत और मधुलिका की पार्थिव देह दिल्ली लाई जाएगी। शुक्रवार सुबह 11 से दोपहर 2 बजे के बीच लोग रावत के दिल्ली स्थित घर पर अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद कामराज मार्ग से बरार चौराहे शवयात्रा निकाली जाएगी। दिल्ली कैन्टोन्मेंट में अंतिम संस्कार होगा।

rajnath singh

वायुसेना प्रमुख ने घटनास्थल का किया दौरा

वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी गुरुवार को सुबह कुन्नूर पहुंचे। इसके बाद वह वायुसेना का एमआई-17 क्रैश होने वाली जगह का दौरा किया। इसी जगह बुधवार को सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत का निधन हुआ था। इसके अलावा 11 अन्य सैन्य अधिकारियों की भी मौत हुई थी। वायुसेना प्रमुख चौधरी के साथ तमिलनाडु के डीजीपी सी. सिलेंद्र बाबू भी मौजूद थे।

क्या होता है ब्लैक बॉक्स

किसी भी प्लेन या हेलिकॉप्टर का सबसे जरूरी हिस्सा ब्लैक बॉक्स होता है। यह हेलिकॉप्टर या प्लेन के उड़ान के दौरान विमान से जुड़ी सभी तरह की गतिविधियों को रिकॉर्ड करता है। यह पायलट और ATC के बीच बातचीत का रिकॉर्ड इकट्ठा करता है. इसके अलावा पायलट और को-पायलट की बातचीत भी रिकॉर्ड होती है। इसे डाटा रिकॉर्डर भी कहा जाता है।

कैसे हुआ था हादसा?

सीडीएस बिपिन रावत अपनी पत्नी मधुलिका रावत और सेना के कई बड़े अफसरों की टीम के साथ बुधवार को दोपहर 11.30 बजे वीवीआईपी चॉपर MI-17 V-5 में सुलूर से कुन्नूर के लिए निकले थे। उन्हें कुन्नूर के डिफेंस सर्विसेज़ स्टाफ कॉलेज में उन्हें लेक्चर देना था। हेलिकॉप्टर ने पूरी तरह से सुरक्षित उड़ान भरी थी।

सीडीएस बिपिन रावत का हेलिकॉप्टर तकरीबन 50 मिनट का सफर तय कर चुका था। सुलूर से करीब 94 किलोमीटर का हवाई सफर पूरा हो चुका था. अब सिर्फ 10 से 15 किलोमीटर की दूरी और बची थी. वे सफर के आखिरी हिस्से में थे। अचानक हेलिकॉप्टर हिचकोले खाने लगा. पायलट ने संतुलन खोया और चंद मिनट के भीतर हेलिकॉप्टर शोलों में तब्दील हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *