Headlines

40वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2021: प्रगति मैदान में राजस्थान का जलवा

नई दिल्ली। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में चारों ओर राजस्थान का जलवा दिखाई दे रहा है। राजस्थानी व्यंजनों दाल बाटी और चूरमा के साथ ही प्याज़ और मीठी कचोरियाँ मिर्ची बड़े मूँग की दाल का हलवा घेवर ब्यावर की तिलपट्टी बीकानेरी भुजिया आदि व्यंजन बरबस ही दर्शकों को आकर्षित कर रहे है।

व्यापार मेला में लगे हुनर मेला जनजाति कलाकारों के हाल और अन्य सभी स्थानों पर राजस्थान के हस्तशिल्प और अन्य वस्तुओं विशेष कर जयपुरी रज़ाइयों की भारी माँग देखी जा रही हैं।हाल नम्बर तीन की प्रथम मंज़िल पर बनायें गए राजस्थान मंडप में आत्म निर्भर राजस्थान की झलक देखने को मिल रही है।

40वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2021: प्रगति मैदान में राजस्थान का जलवा

राजस्थान दिवस

रात गुलाबी सर्दी के बावजूद प्रगति मैदान के ठसाठस भरे एम्फी थियेटर पर बुधवार की रात राजस्थान के लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने ऎसा समा बांधा कि दर्शक मंत्रा मुग्ध हो गये।

दो घंटे से भी अधिक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में कालबेलियाँ नृत्यांगनाओं की नृत्य प्रस्तुति बहुत आकर्षक रही। जोधपुर की सुरमनाथ सपेरा एवं उनके दल की नृत्यांगनाओं ने मनमोहक प्रस्तुति दी। उन्होंने अपने शरीर को रबर की गुड़ियां की तरह तोड़ मोड़कर गजब की लचक के साथ ऎसा अनूठा नृत्य प्रस्तुत किया कि दर्शक तालियां बजाने को मजबूर हो गये। नृत्यांगनाओं ने मुंह और आंखों की पलकों से अंगूठी उठाकर भारी करतल ध्वनि अर्जित की।

40वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2021: प्रगति मैदान में राजस्थान का जलवा

एम्फी थियेटर पर बृज की कृष्ण लीला का रंग भी ऎसा जमा की दर्शक हर्ष घ्वनि किए बिना नहीं रहे। ब्रज क्षेत्र में लगे डीग (भरतपुर) से आये जितेन्द्र पराशर और दल ने प्रारंभ में गणेश वंदना तथा अपने मनोहारी ‘मयुर-नृत्य’ और ‘‘फूलों की होली’’ से  प्रगति मैदान को ‘ब्रजमय’ बना दिया।

सांस्कृतिक संध्या में भरतपुर के भपंग वादक गफरूद्दीन मेवाती ने भंपग वादन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। जोधपुर के गोवर्धन नाथ एवं पार्टी ने अपने कार्यक्रम में खडताल वादन और  पारंपरिक राजस्थानी गीतों से समा बांधा। दिल्ली के श्री अनीशुद्दीन एवं उनके दल ने ‘चरी नृत्य’ और श्रीमती नूरजहां और दल ने ‘घूमर नृत्य’ प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम मे अलवर के बनय सिंह ने रिम भवाई की प्रस्तुति कर दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के उद्घोषक अलवर के खेमेन्द्र सिंह ने अपनी मधुर आवाज से कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजस्थान के अतिरिक्त आवासीय आयुक्त विमल शर्मा थे। आरम्भ में राजस्थान पर्यटन स्वागत केन्द्र के सहायक निदेशक छतरपाल यादव ने अतिथियों का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *