Headlines

नवाब मलिक गिरफ्तार, देर रात कोर्ट ने 3 मार्च तक ED की कस्टडी में भेजा

Nawab Malik new 123 1 e1645610283280

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रवक्ता नवाब मलिक को 3 मार्च तक ED कस्टडी में भेज दिया गया है। उन्हें जमीन की खरीद के एक मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से तार जुड़ने के चलते 8 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया था। उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया गया है। ED ने उन्हें स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश कर 14 दिन का रिमांड मांगा था, जिस पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उन्हें 8 दिन की कस्टडी में भेज दिया है। कोर्ट ने उन्हें जेल में अपनी दवाइयां रखने और घर का खाना मंगाकर खाने की इजाजत भी दी है।

मलिक की सुनवाई के दौरान कोर्ट के बाहर NCP कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही। कोर्ट से बाहर निकलने पर गाड़ी में रवाना होते समय मलिक ने उन्हें हाथ हिलाकर सबकुछ ठीक होने का इशारा किया और वहां से ED अधिकारियों के साथ चले गए। मलिक के समर्थकों के भड़कने की संभावना को देखते हुए ED ऑफिस पर CRPF की तैनाती कर दी गई है।

शरद पवार ने की सीएम ठाकरे से मुलाकात

मलिक की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। NCP चीफ शरद पवार के घर सिल्वर ओक पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मीटिंग हुई है। मीटिंग के बाद वे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलने उनके सरकारी बंगले ‘वर्षा’ पर पहुंचे हैं। ठाकरे ने भी राज्य के गृह मंत्री के साथ बैठक की है। नवाब मलिक की गिरफ्तारी के विरोध में विधानसभा के बाहर गुरुवार को सुबह 10 बजे महाविकास अघाड़ी सरकार के मंत्री प्रदर्शन करने वाले हैं।

मलिक पर अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन का आरोप

9 नवंबर 2021 को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवाब मलिक के अंडरवर्ल्ड से रिश्ते का सनसनीखेज खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि नवाब मलिक ने दाऊद इब्राहिम के गैंग से जमीनें खरीदीं। ये जमीनें मुंबई में ब्लास्ट करने के आरोपियों की हैं। पूर्व CM ने आरोप लगाया कि सरदार शाह वली खान और हसीना पारकर के करीबी सलीम पटेल के नवाब मलिक के साथ व्यवसायिक संबंध हैं। इन दोनों ने नवाब मलिक के रिश्तेदार की एक कंपनी (Solidus company) को मुंबई के LBS रोड पर मौजूद करोड़ों की जमीन कौड़ियों के दाम में बेची।

फडणवीस के मुताबिक जमीन की बिक्री सरदार शाह वली खान और सलीम पटेल ने की थी। नवाब मलिक भी इस कंपनी से कुछ समय के लिए जुड़े हुए थे। कुर्ला के LBS रोड पर मौजूद 3 एकड़ जमीन सिर्फ 20-30 लाख में बेची गई, जबकि इसका मार्केट प्राइस 3.50 करोड़ से ज्यादा थी। पूर्व CM ने इसके सभी सबूत सेंट्रल एजेंसीज को देने की बात भी कही थी। माना जा रहा है कि इसी मामले में कार्रवाई करते हुए ED की टीम ने मलिक को पूछताछ के लिए उठाया है। हालांकि, ED की ओर से इस पर कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *