नई दिल्ली। कोरोना के बढ़ते मामलों ने आखिरकार दिल्ली सरकार को भी सख्त फैसला लेने पर मजबूर कर दिया है। सीएम केजरीवाल दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान कर दिया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के इस दौरान लगने वाली पाबंदियों की जानकारी दी। वीकेंड कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। कर्फ्यू का फैसला इसलिए उठाना जरूरी हो गया था, क्योंकि 5 हफ्ते में दिल्ली में कोरोना के मामले 25 गुना बढ़ गए हैं। 11 मार्च से 17 मार्च तक यहां 2995 केस थे, जो 8 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच 76 हजार 870 तक पहुंच गए हैं।
दिल्ली में ये पाबंदियां
- शुक्रवार रात 10 से सोमवार सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू।
- निजी दफ्तर, स्पा, मॉल, बाजार और जिम और थिएटर बंद।
- रेस्टोरेंट में बैठकर खाने की इजाजत नहीं। शादियों के लिए कर्फ्यू पास दिए जाएंगे।
बैठक के बाद लॉकडाउन का फैसला
आंकड़ों पर नजर डालें तो दिल्ली में बुधवार को 17,282 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 9,952 लोग रिकवर हुए और 104 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.67 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7.05 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 11 हजार 540 मरीजों की जान चली गई। एक्टिव केस 50 हजार 736 हैं। लगातार बढ़ते मामलों के चलते गुरुवार को केजरीवाल और दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल के बीच अहम बैठक हुई। इसमें दिल्ली में संक्रमण रोकने के लिए सख्त कदम उठाने पर चर्चा हुई। इसमें लॉकडाउन जैसा कदम भी शामिल है।