चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पंजाब के अबोहर में जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि आज पूरा पंजाब डबल इंजन की सरकार चाहता है। इस मौके पर उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमे चन्नी ने UP-बिहार के भइयों का जिक्र किया था। चन्नी के बयान पर भड़के मोदी ने इसे शर्मनाक बताया और प्रियंका गांधी का नाम लिए बिना कहा कि दिल्ली में बैठा एक परिवार इस पर ताली बजा रहा था। मोदी ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी का जन्म पटना में हुआ और आप कहते हैं बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। संत रविदास जी भी उत्तर प्रदेश में पैदा हुए थे तो क्या उनके नाम को भी मिटा दोगे। आप कहते हो भइयों को घुसने नहीं देंगे। पंजाब में एक भी ऐसा गांव नहीं है जहां यूपी बिहार के लोग मेहनत नहीं करते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आई तो माफियाओं की विदाई होगी। उन्होंने लोगों से पांच साल सेवा का मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि 84 के दंगों के समय कांग्रेस के नेता क्या कर रहे थे, आपसे ज्यादा और कौन जान सकता है। मैं उस वक्त गुजरात में था, एक भी सिख परिवार को तकलीफ नहीं होने दी।
कुमार विश्वास के बयान पर अरविंद केजरीवाल को घेरा
पीएम ने कुमार विश्वास के बयान पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी घेर लिया। पीएम ने कहा कि उन्हीं के एक विश्वस्त साथी और खासमखास दोस्त (कवि कुमार विश्वास) ने जो आरोप लगाया, वह बहुत खतरनाक है। साथी ने ही उनके (अरविंद केजरीवाल) इरादों के बारे में जो कहा है, इसे हर मतदाता और देशवासी को गंभीरता से लेने की जरूरत है।
गरीबों की तकलीफ दूर करना हमारी प्राथमिकता
मोदी ने कहा कि गरीब की तकलीफ दूर हो, उसका जीवन आसान बने, ये हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता का काम है। कोरोना काल में भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है और मुफ्त वैक्सीन भी दे रही है। पारदर्शी सरकार आई तो पंजाब में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होगा। न उद्योगों को पलायन करना पड़ेगा और न नौजवानों को अपना गांव, अपने दोस्त, अपने बूढ़े मां बाप, अपने खेत खलिहान छोड़कर पंजाब से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना की वजह से पंजाब के 1100000 लोगों ने अस्पतालों में मुफ्त इलाज करवाया है। पंजाब के नागरिकों को हिंदुस्तान के किसी भी राज्य में यह सुविधा उपलब्ध है। जन औषधि केंद्रों में सस्ती दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। हम गरीब और मध्यम वर्ग के लिए जीते हैं उन्हीं के लिए काम करते हैं। पंजाब के लोगों के 300 करोड़ रुपये इस योजना से बच रहै हैं। पीएम ने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों के साथ विश्वासघात किया है।


