नई दिल्ली : देश-दुनिया में लोगों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है। ऐसे में सर्च इंजन गूगल (Google) भी लोगों की मदद के लिए लगातार काम कर रहा है। गूगल ने मंगलवार को इस संबंध में खास डूडल (Doodle) बनाया है। इस डूडल के जरिये Google लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रहा है। साथ ही वैक्सीन और टीकाकरण से जुड़ी हर जानकारी भी मुहैया करा रहा है।
फेस मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और वैक्सीनेशन के प्रति दे रहा संदेश
गूगल की ओर से बनाए गए खास डूडल में फेस मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और वैक्सीनेशन के प्रति संदेश दिया जा रहा है। डूडल पर क्लिक करते ही दूसरा वेबवेज खुलता है, जिसमें पास के वैक्सीन सेंटर, कोरोना वायरस संक्रमण के आंकड़े, टीकाकरण से जुड़ी हर खबर, कोविन एप, वैक्सीन व टीकाकरण के फायदे समेत इससे जुड़ी तमाम जानकारी सामने आ जाती है। इससे लोगों को घर बैठक सभी जरूरी सूचनाएं मिल जा रही हैं।
इस पेज के जरिये गूगल लोगों को टीकाकरण से लिए पंजीकरण करने की प्रक्रिया भी समझाता है। साथ ही यह भी साफ करता है कि क्या कोरोना वैक्सीन का साइड इफेक्ट होता है। यह लोगों के लिए बेहद काम का वेबपेज है।
भारत ने एक दिन में सबसे ज्यादा वैक्सीन लगाने का रिकॉर्ड बनाया
बता दें कि कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) की सोमवार को नई पॉलिसी लागू होने के साथ ही भारत ने एक दिन में सबसे ज्यादा वैक्सीन लगाने का रिकॉर्ड बना दिया है। सरकार के आंकड़ों के अनुसार, अभी तक एक दिन में कोरोना वैक्सीन की रिकॉर्ड 85.15 लाख डोज लगाई जा चुकी हैं।
